लुधियाना वासियों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप कल सुबह घर के बाहर कूड़े वाली गाड़ी का इंतज़ार कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। अपनी मांगों को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारी और विभिन्न यूनियनें कल यानी 15 मई को पूर्ण हड़ताल पर जा रही हैं। इस हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रहेगी। न तो घरों से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाया जाएगा और न ही सड़कों व गलियों में झाड़ू लगेगा। कमिश्नर के जरिए सीएम मान को चेतावनी बुधवार को संघर्ष कमेटी के राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ और म्युनिसिपल कर्मचारी दल सहित कई यूनियनों ने नगर निगम कमिश्नर के माध्यम से मुख्यमंत्री भगवंत मान के नाम एक चेतावनी पत्र सौंपा। यूनियन नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो शहर में गंदगी का अंबार लग जाएगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इन 5 मुख्य मांगों पर अड़े कर्मचारी: कच्चे सफाई कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से पक्का किया जाए।,डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम किसी भी निजी कंपनी को नहीं सौंपने दिया जाएगा।,कर्मचारियों के भविष्य के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। डिजिटल हाजिरी प्रणाली को कर्मचारी लागू नहीं होने देंगे।,जो कर्मचारी ओवरएज हो चुके हैं, उन्हें भी पक्का कर राहत दी जाए। संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा की कल शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह बंद रहेगी। सरकार हमारी जायज मांगों को नजरअंदाज कर रही है। जब तक ठोस फैसला नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा। इस महा-हड़ताल को सफल बनाने के लिए म्युनिसिपल कर्मचारी दल पंजाब, नगर निगम कर्मचारी यूनियन, म्युनिसिपल एम्पलाइज फेडरेशन, वीएसएस और नगर निगम सफाई मजदूर यूनियन पंजाब ने एक साथ आने का ऐलान किया है।