फरीदाबाद की गांधी कॉलोनी एनआईटी में आपसी कहासुनी को लेकर एक युवक ने रात को घर के बाहर खड़ी पड़ोसी की स्कूटी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब सामने आया है। आग लगने से स्कूटी पूरी तरह से जल गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। स्कूटी मालिक धीरज ने बताया कि वह ड्राइवर है। 8 मई को पड़ोस में ही रहने वाले मोहित के पालतू कुत्ते ने घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक होंडा साइन के सीट कवर को फाड़ दिया था। इसी को लेकर धीरज का मोहित की मम्मी के साथ विवाद हुआ था। इसी रंजिश में यह वारदात की। पेट्रोल डालकर लगाई आग पीड़ित धीरज ने बताया कि 9 मई की रात को करीब 2 बजे मोहित बाइक में पेट्रोल लेकर आया और घर के बाहर खड़ी उसकी सफेद रंग की एक्टिवा पर पेट्रोल छिड़क दिया। जिसके बाद उसने माचिस से स्कूटी में आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। लोगों ने पानी डालकर बुझाई आग आग लगने के बाद जैसे ही उनको पता चला तो वह घर से बाहर निकले। इसके बाद गली में घरों से बाहर निकले दूसरे लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक स्कूटी पूरी तरह से जल चुकी थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थाना एनआईटी इंचार्ज महावीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।