हरियाणा निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने वाले BJP के मेयर, चेयरपर्सन और पार्षदों के सम्मान में आज पंचकूला स्थित भारतीय जनता पार्टी के पंचकमल कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। निकाय चुनाव में BJP ने अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगमों में मेयर पद पर जीत हासिल की है। वहीं रेवाड़ी-धारूहेड़ा नगर परिषद और सांपला नगर पालिका में भी BJP समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। पार्टी इन सभी विजयी प्रत्याशियों को मंच पर सम्मानित करेगी। रेवाड़ी-धारूहेड़ा क्षेत्र के कुछ निर्दलीय विजयी पार्षद भी आज BJP का दामन थाम सकते हैं। इसे लेकर पार्टी संगठन ने विशेष तैयारी की है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश नेतृत्व निकाय चुनाव में मिली जीत को संगठन और सरकार की नीतियों पर जनता की मुहर के रूप में पेश करेगा। पंचकूला जीत को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह पंचकूला नगर निगम चुनाव में BJP की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। मेयर और पार्षदों के सम्मान समारोह को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पार्टी पदाधिकारी, विधायक और कार्यकर्ता शामिल होंगे।