पंजाब-चंडीगढ़ में CNG के रेट बढ़े:एक किलो के ₹2 ज्यादा देने होंगे; पेट्रोल-डीजल के बाद गैस से चलने वाली गाड़ियों पर बोझ पड़ा

पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के रेट भी बढ़ गए हैं। थिंक गैस ने CNG की कीमत में 2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने CNG के दाम में 1.25 रुपए की बढ़ोतरी की। नई दरें बीते कल से लागू हो चुकी हैं। लुधियाना में थिंक गैस की CNG अब 88.75 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिल रही है। इससे पहले यहां CNG की कीमत 86.75 रुपए प्रति किलो थी। जबकि मोहाली में अडानी गैस ने सवा रुपए की बढ़ोतरी की। मोहाली में पहले रेट 93 रुपए थे, जो कि 94.25 रुपए हो गए हैं। चंडीगढ़ में पहले IOCL की CNG का रेट 93 रुपए प्रति किलो था, जो बढ़कर अब 94.25 रुपए प्रति किलो हो गया है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। कहां कौन सी कंपनी करती है सप्लाई…
जालंधर में अडानी टोटल गैस लिमिटेड और लुधियाना में जय माधोक एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड व कुछ क्षेत्रों में थिंक गैस CNG की आपूर्ति करती है। अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, मानसा इलाके में गुजरात गैस लिमिटेड सप्लाई करती है। रूपनगर और आसपास के इलाकों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड CNG सप्लाई करती है, जबकि फतेहगढ़ साहिब में IRM एनर्जी लिमिटेड यह सेवा दे रही है। इसके अलावा तरनतारन में मेघा सिटी गैस CNG उपलब्ध करवा रही है। पेट्रोल-डीजल और CNG रेट क्यों बढ़े?
इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे, जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रही है तो पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं। क्या अभी और बढ़ेंगे दाम?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेट्रोल-डीजल में ₹3 की यह बढ़ोतरी काफी नहीं है। अपना घाटा पूरी तरह खत्म करने और ‘ब्रेक-ईवन’ यानी नो प्रॉफिट-नो लॉस की स्थिति में आने के लिए इन कंपनियों को अभी पेट्रोल के दाम ₹28 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹32 प्रति लीटर तक बढ़ाने की जरूरत है। फिलहाल पेट्रोल पर 29.5% और डीजल पर 36.5% की कमी बनी हुई है। अगर ईरान जंग के कारण ग्लोबल एनर्जी मार्केट में सप्लाई इसी तरह प्रभावित रही, तो आने वाले दिनों में और भी इजाफा देखने को मिल सकता है। पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से टूर एंड ट्रैवल्स वाले भी टैक्सियों के रेट बढ़ाएंगे? पंजाब टैक्सी यूनियन-31 के प्रधान जीवनजोत सिंह ग्रेवाल का कहना है- फिलहाल तो टैक्सी के रेट नहीं बढ़े। 1-2 दिन में यूनियन की मीटिंग करेंगे और उसके बाद आगे फैसला लेंगे। वैसे भी, अब स्कूलों में गर्मियों की छुट्‌टियों के कारण बुकिंग आने लगी हैं इसलिए टैक्सी यूनियन भी जल्द ही किराए पर फैसला लेगी। पेट्रोल-डीजल के रेट फिर बढ़े तो किराया 5% से 10% बढ़ेगा, इससे लोगों का समर वैकेशन का बजट भी 20% से 30% तक बढ़ जाएगा। पेट्रोल-डीजल का रेट बढ़ने से किराए में 5 से 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो सकती है। अगर लुधियाना से शिमला जाना है तो 7 सीटर सामान्य टेक्सी की बुकिंग 11 से 12 हजार रुपए में हो जाती है। वहीं अगर लग्जरी गाड़ी करते हैं तो किराया 15 से 16 हजार रुपए हो जाता है। उनका कहना है कि 11 से 12 हजार वाली गाड़ियों का भाड़ा 11500 रुपए से 12500 रुपए तक बढ़ जाएगा। रोजमर्रा की ग्रॉसरी आइटम भी पेट्रोल-डीजल रेट बढ़ने से महंगी होंगी? लुधियाना में रिखी राम एंड संस के संचालक व्यापारी नवीन अग्रवाल का कहना है कि जब तक ट्रांसपोर्टर किराया नहीं बढ़ाते तब तक कीमतों पर खास असर नहीं पड़ेगा। ट्रांसपोर्टरों का किराया बढ़ा तो कीमतों में उसी अनुपात में बढ़ोत्तरी हो जाएगी। अगर लोकल लेवल पर ट्रांसर्पोटेशन चार्जेज बढ़े तो कीमतें उससे भी बढ़ जाएंगी। इससे लोगों का रसोई का बजट 10% से 15% तक बढ़ सकता है। दूध तो हाल ही में दो रुपए बढ़ चुका है। अगर आप पूरी रसोई और अन्य जरूरत का सामान 10 से 12 हजार रुपए का लेते हैं तो वो बढ़कर 11 से 13 हजार रुपए हो सकता है वेरका का दूध 2 रुपए महंगा, फुल क्रीम-टोंड सभी के दाम बढ़े अमूल के बाद पंजाब में वेरका ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर तक का इजाफा किया था। मिल्कफेड (वेरका) द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, बढ़ी हुई कीमतें 14 मई की सुबह से लागू हो गई। वृद्धि दूध के सभी वेरिएंट्स (फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, टोंड और काऊ मिल्क) पर लागू की गईं। इससे पहले गुजरात कॉपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन ने अमूल दूध के सभी प्रमुख वेरिएंट और पैक्ड दूध की कीमतों में 2 रुपए का इजाफा किया था। वेरका के साथ-साथ अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध के सभी वेरिएंट्स पर 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनियों का कहना है कि परिचालन लागत और उत्पादन खर्च बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा है। पढ़ें पूरी खबर
********** ये खबर भी पढ़ें: पंजाब में पेट्रोल की कीमत ₹100 पार: चंडीगढ़ में ₹97.44, डीजल ₹3 महंगा; ट्रांसपोर्टर बोले- हम किराया बढ़ाएंगे, सब्जियां महंगी होंगी पंजाब में पेट्रोल और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब ज्यादातर शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है। वहीं, धान रोपाई से पहले डीजल की कीमत 87.83 रुपए से बढ़कर 90.78 रुपए प्रति लीटर हो गई है। हालांकि, अलग-अलग शेहरों में दामों में अंतर है। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *