मोहाली में आयुर्वेदिक क्लीनिक की मालकिन पर उनके ही घर में काम करने वाले नौकर ने बेलन से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। आरोपी जाते समय घर से लगभग 3 लाख 10 हजार रुपए कैश, 12 तोले सोना लेकर भाग गया। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनके सिर में करीब 70 टांके लगे हैं। घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी को वारदात के बाद भागते हुए भी देखा गया है। पुलिस ने इस मामले में खरड़ सिटी थाने में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान हीरा लाल उर्फ हैरी (निवासी अररिया, बिहार) के रूप में हुई है, जिसे 5 दिन पहले ही काम पर रखा गया था। ढाबे पर मिला था आरोपी, कहानी सुन आ गई थी दया घायल महिला को नाम शबनम (50) है, जो खरड़ शिवालिक सिटी की रहने वाली हैं। उनके पति डॉ. साबिर ने बताया कि हमारा निज्जर लाइट पॉइंट के पास ‘शबनम आयुर्वेदा’ नाम का एक इंस्टीट्यूट है, जबकि सेक्टर-34 में एक एजुकेशनल इंस्टीट्यूट है, जहां एमबीबीएस के दाखिलों की काउंसलिंग की जाती है। उनका देहरादून में भी दफ्तर है। इसी सिलसिले में उनकी पत्नी 7 मई को देहरादून अपनी कार से जा रही थी। सुबह 10 बजे नाहन के पास खाना खाने के लिए वह एक ढाबे पर रुकी। वहां पर उन्हें एक युवक मिला, जिसने अपना नाम हीरा लाल साहनी बताया। उसने कहा कि उसके माता-पिता की मौत कोरोना काल में हो गई थी। वह ढाबे पर काम करता है, लेकिन ढाबे वाले पूरा पैसा नहीं देते और 15 घंटे काम करवाते हैं। ऐसे में उसे किसी अन्य काम की जरूरत है। डॉ. साबिर ने बताया कि पत्नी को उस पर दया आ गई। उन्होंने उसे अपना नंबर दे दिया और कहा कि हमें भी मोहाली में नौकर की जरूरत है, तुम आ जाना। मोहाली आने के लिए 1 हजार रुपए ऑनलाइन भेजे साबिर ने कहा कि इसके बाद पत्नी देहरादून चली गईं और 8 मई को वापस आ गईं। 9 मई को हीरा लाल का फोन आया। उसने कहा कि मैं आपके पास आना चाहता हूं, लेकिन ढाबा मालिक पैसा नहीं दे रहा है। इस पर पत्नी ने उसे एक हजार रुपए ऑनलाइन भेज दिए। 9 मई को वह उनके सेक्टर-34 स्थित दफ्तर पहुंच गया, जहां से वे उसे अपने घर ले आए। 12 मई को पत्नी का जन्मदिन था, जिसकी एक पार्टी सेक्टर-34 के ऑफिस में रखी थी। इसमें उनका एक क्लाइंट व दोस्त आया था, जो पंजाब पुलिस में तैनात है। जब नौकर की पुलिस वेरिफिकेशन की बात की गई, तो उसने कहा कि आधार कार्ड ले लो और मैं थाने में बोल दूंगा, पुलिस वेरिफिकेशन हो जाएगी। इसके बाद उससे आधार कार्ड की कॉपी ले ली गई थी। जिम जाते ही रसोई से बेलन लेकर कमरे में घुसा डॉ. साबिर ने बताया कि वह हर रोज की तरह 13 मई को सुबह साढे़ 6 बजे जिम के लिए निकले, तो हीरा लाल ने दरवाजा खोल दिया था। जब वह सुबह करीब 8:10 बजे जिम से लौटे, तो नौकर गायब था और बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर से पत्नी के रोने की आवाज आ रही थी । पड़ोसियों की मदद से दरवाजे की कुंडी तोड़कर जब वह अंदर गए, तो उनकी पत्नी बाथरूम में लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। पूरे कमरे और फर्श पर खून बिखरा हुआ था। उन्होंने देखा कि नौकर मौजूद नहीं था और उनकी पत्नी गंभीर हालत में कमरे में पड़ी हुई थीं। पहले वह पत्नी को मैक्स अस्पताल लेकर गए, जहां उनके सिर में 65-70 टांके आए हैं। शरीर में 9 जगह आए गंभीर जख्म डॉ. साबिर ने कहा कि जब पत्नी में होश में आई तो बताया कि नौकर हीरा लाल साहनी ने उन पर बेलन से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और घर में रखा कैश, सोने-चांदी के गहने व मोबाइल फोन लेकर भाग गया । मैक्स अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार महिला के सिर और शरीर पर कुल 9 चोटें आई हैं । फिलहाल वह विस्तृत बयान देने की स्थिति में नहीं थीं। ********* ये खबर भी पढ़ें: जालंधर में ज्वेलर के घर के बाहर फायरिंग, बाइक सवार 5 राउंड फायर करने के बाद फरार, लोग घरों में दुबके जालंधर की छोटी बारादरी में देर रात बाइक सवार युवक द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के मुताबिक एक अज्ञात युवक बाइक पर आया था। उन्होंने छोटी बारादरी के पास बाइक सवार ने फायरिंग शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)