मोहाली में हस्की कुत्ते को लेकर युवक पर हमला:पीड़ित ने मानवाधिकार आयोग से की शिकायत, 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

मोहाली के ऑरा एवेन्यू में हस्की कुत्ते को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वारदात के एक महीने तक जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की तो पीड़ितों ने पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग का रुख किया। आयोग के संज्ञान लेने पर अब पुलिस ने मामले की नई जांच कर FIR दर्ज की है। पीड़ित दीपक यादव, जो महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के निवासी हैं और खरड़ के ऑरा एवेन्यू में किराए के फ्लैट में रहता है ,चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में एमबीए का छात्र हैं। उसने बताया कि उनके एक दोस्त ने अपना हस्की कुत्ता “वैफल” देखभाल के लिए उसे सौंपा था। 22 मार्च की है घटना दीपक के अनुसार, 22 मार्च 2026 की रात जब वह दूध लेकर वापस लौटा, तो उसने देखा कि ईशान पाली, भाव्या शर्मा और ऋषभ फोगाट उनके कुत्ते को ले जा रहे थे। जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने कुत्ते को अपना बताते हुए बहस शुरू कर दी और धमकी दी कि वे “अपने तरीके से” कुत्ता ले जाएंगे। कुछ देर बाद, 12 से 15 युवक डंडों और हथियारों के साथ पहुंचे। हमलावरों ने दीपक के साथ-साथ उसके बचाव में आए दोस्तों मनीष कौशिक और करण कौशिक को सीढ़ियों से पार्किंग तक घसीटकर बेरहमी से पीटा। पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस मारपीट में दीपक को सात, मनीष को चार और करण को दो गहरी चोटें आईं, जिनमें टांके भी लगाने पड़े। पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप आरोप है कि घटना के बाद करीब एक महीने तक सिटी खरड़ पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने पंजाब मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया। आयोग के संज्ञान लेने पर, डीएसपी खरड़ ने जांच अधिकारी को बदलते हुए मामले की दोबारा जांच करवाई। आरोप है कि FIR दर्ज होने से ठीक एक दिन पहले, आरोपी पक्ष ने पीड़ितों को शिकायत वापस लेने के लिए दोबारा धमकाया। तब पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल करके मदद मांगी थी। नई जांच, मेडिकल रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रजित पंडित, योगेश, भाव्या शर्मा, ऋषभ फोगाट, ईशान पाली, हैप्पी दलाल, शिव शंकर, बेनीवाल सहित 8-9 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *