सिवान से जालंधर आ रही आम्रपाली एक्सप्रेस में एक परिवार के साथ चोरी हो गई। परिवार का आरोप है कि IRCTC के स्टाफ ने उनकी सीट पर जबरन अपना सामान रखा और उसमें ‘गन’ होने की बात कहकर डराया। सफर के दौरान स्टाफ की संदिग्ध हरकतों के बीच महिलाओं के पास मौजूद करीब 24 तोला सोना और 20 हजार कैश चोरी हो गया। जैसे ही वह जालंधर पहुंचे रेलवे स्टेशन के जीआरपी (GRP) थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने ट्रेन की सीसीटीवी फुटेज जांचने की मांग की है। पीड़ित ईश्वर दयाल सिंह ने बताया कि वह ट्रेन के बोगी नंबर M3 में सफर कर रहे थे। इस दौरान IRCTC स्टाफ का रवैया बेहद अजीब था। वे बार-बार परिवार को महज 5 रुपए की चाय ऑफर कर रहे थे, जिससे ऐसा लगता है कि वे उनका ध्यान भटकाना चाहते थे। स्टाफ ने बोगी की लाइट बंद कर दी हद तो तब हो गई जब रात के करीब 10 बजे स्टाफ ने बोगी की लाइट बंद कर दी गई। इसके बाद भी IRCTC का स्टाफ पूरी रात पीड़ित परिवार की सीट पर रखे अपने सामान को चेक करने के बहाने बार-बार वहां चक्कर काटता रहा। घर पहुंचकर खुला राज, बहन के गहने भी गायब जब परिवार जालंधर के संजय गांधी नगर स्थित अपने घर पहुंचा, तो वहां हड़कंप मच गया। घर की महिलाओं ने जब अपना बैग खोला, तो उसमें रखे सोने के गहने और 20 हजार रुपए गायब थे। चोरी की भनक लगते ही उन्होंने अपनी बहन को फोन किया, जो सफर में उनके साथ थीं। बहन ने अपना सामान चेक किया, तो पता चला कि उनके बैग से भी गहने गायब हो चुके थे। परिवार के मुताबिक कुल मिलाकर लगभग 24 तोले सोना चोरी हुआ है। जीआरपी थाने में की शिकायत इस वारदात के बाद पूरा परिवार सहमा हुआ है और न्याय के लिए जालंधर रेलवे स्टेशन के जीआरपी (GRP) थाने पहुंचा है। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर IRCTC के आरोपी स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर ट्रेन की सीसीटीवी फुटेज और उस रात ड्यूटी पर तैनात स्टाफ की सही से जांच की जाए, तो पूरा सच सामने आ जाएगा और उनके जीवनभर की कमाई वापस मिल सकेगी।