‘कुकिंग करने आए, लेकिन देह व्यापार कराया’:सिरसा में पंजाब-चंडीगढ़ की महिलाओं के होटल मालिक पर आरोप, बोलीं- बंधक बनाया, पैसे भी नहीं दिए

मैं होटल में कुकिंग का काम करने के लिए आई थी। होटल मालिक ने कुछ महीनों बाद मुझसे गलत काम करवाना शुरू कर दिया। अगर मैं ऐसा नहीं करती तो हमें डराया जाता था। हमें पैसे भी नहीं दिए गए। हम भागकर थाने पहुंचे। पंजाब की रहने वाली महिला ने सिरसा के ऑटो मार्केट स्थित ब्लू बैरी होटल के मालिक पर देह व्यापार करवाने के आरोप लगाए हैं। चंडीगढ़ की रहने वाली दूसरी महिला के भी यहीं आरोप हैं। दोनों महिलाएं शादीशुदा हैं। एक महिला की करीब डेढ़ साल की बेटी भी है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें बंधक बनाकर होटल में रखा गया। जब विरोध करते थे तो मारपीट की जाने लगी। दोनों भागकर महिला थाने पहुंची। इसके बाद एक महिला यूट्यूबर ने उन पर समझौते का दबाव बनाया। फिलहाल पुलिस ने दोनों महिलाओं की शिकायत पर होटल मालिक, उसकी पत्नी, होटल कर्मी और यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब जानिए महिला ने क्या बताया…. 9 महीने पहले होटल मालिक से मिली पंजाब में अबोहर की रहने वाली महिला ने बताया कि 8 से 9 महीने पहले वह प्रिंस और नीतू अरोड़ा से मिली थी। उन्होंने बताया था कि उनका सिरसा में ब्लू बैरी नाम से होटल है। उन्हें होटल में खाना बनाने और सफाई करने के लिए लड़कियों की जरूरत है। खाना बनाने वाली लड़की को 15 हजार रुपए प्रतिमाह और सफाई करने वाली लड़की को 12 हजार रुपए प्रतिमाह सैलरी दी जाएगी। होटल मालिक ने शारीरिक संबंध बनाए महिला ने आगे बताया कि वह चंडीगढ़ की रहने वाली दूसरी महिला के साथ मिलकर होटल में काम करने के लिए चली गई। दो-तीन महीने तक किसी ने उनसे कुछ नहीं कहा। फिर प्रिंस अरोड़ा ने उन दोनों से जबरन शारीरिक संबंध बनाए। साथ ही, प्रिंस पैसे कमाने के लिए दूसरे लोगों को होटल बुलाने लगा और उनसे देह व्यापार करवाने लगा। फोन कर बेटी को मारने की धमकी दी महिला ने कहा कि इसके बाद होटल कर्मचारी अरुण ने भी उनका शोषण करना शुरू कर दिया। उन्होंने होटल में बंधक बनाए रखा। 4 से 5 महीने तक ऐसा ही चलता रहा। जब वे विरोध करतीं तो उनके साथ मारपीट की जाती। 3 दिन पहले वे किसी तरह होटल से भाग गईं। आरोपियों ने फोन कर बेटी को मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने समझौते का दबाव बनाया महिला ने आरोप लगाया कि हैप्पी सिंगला नाम की महिला का उनके पास फोन आया। वह खुद को पत्रकार बताते हुए दबाव बनाने लगी कि उन्होंने पुलिस के साथ सेटिंग कर ली है और उन्हें अपनी शिकायत वापस ले लो, नहीं तो वह उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवा देगी, क्योंकि उसका काम ही यही है। होटल मालिक ने जेल भिजवाने की धमकी दी महिला ने बताया कि हैप्पी सिंगला, प्रिंस, नीतू और अरुण के साथ मिली हुई है। प्रिंस ने भी कहा कि उसने पहले भी पुलिस को पैसे देकर लोगों को अंदर करवाया है और उन्हें भी करवा देगा। इसकी रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। SP बोले- सीनियर अफसर से जांच कराएंगे सिरसा के SP दीपक सहारण ने कहा कि मामला संज्ञान में हैं। महिलाएं शिकायत लेकर आई थी। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसकी जांच सीनियर अफसर से जांच करवाई जाएगी। सिरसा विधायक ने हैप्पी सिंगला और गोकुल कांडा की फोटो पोस्ट की सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने मामले में आरोपी हैप्पी सिंगला और पूर्व विधायक गोपाल कांडा की साथ में दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं। साथ में सेतिया ने लिखा, “सिरसा के एक होटल में 2 लड़कियों से रेप हो रहा था, उनसे वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी। जब लड़कियों ने पुलिस में शिकायत करने की बात की, तो अपने आप को पत्रकार कहने वाली हैप्पी सिंगला ने उन्हें धमकाया कि अगर होटल मालिक के खिलाफ शिकायत की तो उनका बुरा हाल कर देगी और उल्टा कार्रवाई करवाएगी। उसने उन्हें डराया-धमकाया कि वे पुलिस के पास न जाएं। मैं एसपी सिरसा व डीएसपी सिरसा की कार्यशैली की दाद देता हूं, जिन्होंने सच का साथ देते हुए ऐसी हैप्पी सिंगला जैसी गलत महिला पर पर्चा दर्ज किया। मैं कांडा जी को भी पड़ोसी होने के नाते एक नसीहत देना चाहता हूं कि ऐसी औरतों से दूर रहिए, ये आपको किसी तरफ का नहीं छोड़ेंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *