रामपुर नगर परिषद चुनाव, कर्मचारियों को ईवीएम प्रशिक्षण:एसडीएम ने मतगणना और संचालन के लिए दिए निर्देश, वीवीपैट की भी ट्रेनिंग

शिमला के रामपुर नगर परिषद के 9 वार्डों में होने वाले आगामी चुनावों को लेकर प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए शनिवार को चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को एक विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह ट्रेनिंग निर्वाचन अधिकारी (एमसी) एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में पदम् स्कूल के सभागार में आयोजित की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के संचालन और मतगणना संबंधी बारीकियों की विस्तृत जानकारी दी गई। निर्वाचन अधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम मशीन की जांच करना, मॉक पोल (दिखावटी मतदान) की प्रक्रिया को पूरा करना और पोलिंग बूथ पर मतदाताओं को सही तरीके से वोट डलवाना बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान कर्मचारियों को कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपैट (VVPAT) मशीन को ऑपरेट करने की पूरी ट्रेनिंग दी गई। खराबी आने पर वैकल्पिक मशीन का होगा इस्तेमाल ट्रेनिंग के दौरान कर्मचारियों को यह भी समझाया गया कि यदि मतदान के वक्त ईवीएम में कोई तकनीकी खराबी आती है, तो बिना समय गंवाए तुरंत सेक्टर अधिकारी को सूचित करें और वैकल्पिक मशीन का उपयोग कैसे करें। इसके अलावा, मतगणना (काउंटिंग) प्रक्रिया को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई और कर्मचारियों से परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया का अभ्यास करवाया गया। निष्पक्षता से ड्यूटी निभाने की अपील निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपनी चुनाव ड्यूटी निभाने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशिक्षित कर्मचारियों की भूमिका ही सफल और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने में सबसे अहम होती है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सभी 9 वार्डों के मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *