हरियाणा के 7 शहरों में पारा 40 डिग्री के पार:सिरसा रहा सबसे गर्म शहर, एक दिन में पारा 1.3 डिग्री तक बढ़ा

हरियाणा में गर्मी लगातार तेवर दिखा रही है। शुक्रवार को प्रदेश के 7 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का सबसे गर्म शहर सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में एक दिन में 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दोपहर के समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। लोगों को दोपहर में धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। हरियाणा के प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान इन शहरों में तापमान 40 डिग्री पार हुआ प्रदेश में जिन शहरों में पारा 40 डिग्री के पार रहा, उनमें सिरसा 42 डिग्री, नारनौल 41.5 डिग्री, नूंह 41.4 डिग्री, हिसार 40.9 डिग्री, जींद 40.6 डिग्री, गुरुग्राम 40.6 डिग्री और रोहतक 40 डिग्री शामिल रहे। वहीं करनाल, अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी और पलवल समेत कई जिलों में तापमान 39 डिग्री के आसपास बना रहा। किसानों के लिए एडवाइजरी कृषि मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को अगले दो-तीन दिन मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। कपास की बुवाई फिलहाल टालने, पकी गेहूं और जौ की फसल की तुरंत कटाई-थ्रेशिंग करने और भूसे को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। सब्जी उत्पादकों को सिंचाई रोकने और तैयार फसल की कटाई करने को कहा गया है। पशुपालकों को तेज हवा और बारिश के दौरान पशुओं को शेड में रखने तथा पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *