मुजफ्फरपुर में एक बेटे ने पीट-पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी। पिता की गलती बस इतनी थी कि वो अपने पोते को पीटने से मना कर रहे थे। घटना बोचहां थाना क्षेत्र के गरहां ओपी सनाठी गांव की है। मृतक की पहचान महेश सहनी (68) के तौर पर हुई है। वहीं, आरोपी बेटा मनोज सहनी है। मृतक की पत्नी नगीना देवी के बयान पर आरोपी बेटे मनोज सहनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मनोज फिलहाल फरार है। सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला… स्कूल जाने के लिए आनाकानी कर रहा था बच्चा परिजन के अनुसार, मनोज सहनी का बेटा शनिवार को स्कूल नहीं जा रहा था। वो बहाना बनाकर घर पर ही रखना चाह रहा था। उसे पढ़ने का मन नहीं था, लेकिन मनोज चाहता था कि बेटा स्कूल जाए। कई बार समझाने के बाद भी बच्चा नहीं मान रहा था। जिसके बाद मनोज गुस्से में आ गया। वो अपने बेटे की बेहरमी से पिटाई करने लगा। आरोपी मनोज गुस्से में बच्चे को जानवर की तरह पीट रहा था। मासूम बच्चे की चीखें सुनकर पास में मौजूद दादा महेश साहनी का दिल पसीज गया। वो खुद को रोक नहीं पाए। तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने बेटे मनोज को डांटते हुए कहा कि बच्चे को इतनी बेरहमी से मत पीटो, उसे छोड़ दो। बांस-ईंट से पिता पर हमला किया महेश सहनी पिता-बेटे के बीच आ गए। इससे आरोपी ने अपना सारा गुस्सा बुजुर्ग पिता पर ही निकाल दिया। लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। आरोपी बेटे ने पास पड़ा एक बांस उठाया और अपने पिता पर हमला कर दिया। इससे भी उसका गुस्सा ठंडा नहीं हुआ, तो उसने जमीन पर पड़ी एक भारी ईंट उठाई और अपने पिता के सिर पर दे मारा। ईंट के हमले से महेश सहनी का सिर फट गया। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घर में अफरा-तफरी मच गई, परिवार वाले उन्हें आनन-फानन में उठाकर अस्पताल की ओर भागे। सिटी स्कैन के पैसे नहीं थे मृतक के छोटे बेटे धीरज कुमार ने बताया कि मेरे बड़े भाई ने ही पिता की पिटाई की थी। पिता सिर्फ अपने पोते को बचाने गए थे, लेकिन इसी बात पर उन पर हमला कर दिया गया। बांस और ईंट से मारने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। इलाज के लिए एसकेएमसीएच लेकर पहुंचे। इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों ने सिटी स्कैन कराने को कहा था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण समय पर जांच नहीं हो सकी। नतीजतन, अंदरूनी चोटों के लिए समय पर जांच और इलाज न मिल पाने के कारण, उनकी हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है एसकेएमसीएच ओपी पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।