पंजाब में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़:4 अपराधी 8 अत्याधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार; विदेश में बैठे हैंडलरों से कनेक्शन

पंजाब पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से 8 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौलें और 45 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव के अनुसार आरोपी दो अलग-अलग हत्या के मामलों मे वॉन्टेड थे और इनके तार सीधे तौर पर विदेश में बैठे हैंडलरों से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। बरामद किए गए कुल 8 अत्याधुनिक हथियारों में 1 बेहद घातक PX5 पिस्तौल, 1 तुर्की निर्मित जिगाना (Zigana) पिस्तौल, 3 पिस्तौलें (.30 बोर) और 3 पिस्तौलें (.32 बोर) शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने इनके पास से 45 जिंदा कारतूस भी जब्त किए हैं। इस बड़ी कामयाबी की जानकारी साझा करते हुए पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि पुलिस को इस गिरोह के बारे में एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जाल बिछाया और अत्याधुनिक हथियारों समेत चारों तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता पाई। सीमा पार के तस्करों से आरोपियों के संबंध शुरुआती पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। DGP गौरव यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के संबंध सीमा पार यानी विदेश में बैठे राष्ट्र-विरोधी हैंडलरों से हैं, जो इन्हें हथियार और निर्देश सप्लाई कर रहे थे। इसके साथ ही यह भी सामने आया है कि ये चारों आरोपी पिछले काफी समय से हत्या के दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे थे और पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहे थे। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में करेगी पेश पुलिस ने अब इन सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर उनकी रिमांड लेने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य रिमांड के दौरान गहन पूछताछ करके इस गिरोह के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाना है, ताकि पूरे अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को जड़ से खत्म किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *