कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 पर रविवार शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महाराणा प्रताप होटल के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद स्थित आलमपुर, मुगलसराय थाना अलीनगर निवासी 48 वर्षीय मीरा देवी पत्नी ओम प्रकाश के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में शोक व्याप्त हो गया। मृतका के भतीजे ने बताया कि मीरा देवी उत्तर प्रदेश से बिहार में अपने किसी रिश्तेदार के यहां जा रही थीं। तभी एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्गावती थाना प्रभारी गिरीश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हुई है और परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।