अबोहर के खांटवां गांव के पास से गुजरती एक नहर में देर रात एक अज्ञात युवक का शव झाल में फंसा मिला। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस की मौजूदगी में शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शव करीब 5-6 दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है। नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्य बिट्टू नरूला ने बताया कि उन्हें देर शाम खांटवां गांव से सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पास से गुजरती लंबी माइनर नहर में पिछले एक-दो दिनों से तेज बदबू आ रही थी, जिससे किसी शव के फंसे होने की आशंका थी। समिति सदस्य बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक युवक का शव पूरी तरह नग्न अवस्था में नहर की झाल में फंसा हुआ था। इसके बाद उन्होंने थाना बहाववाला पुलिस को सूचना दी। थाना बहाववाला पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। 28 से 30 साल हो सकती है आयु पुलिस के नेतृत्व में समिति सदस्यों और ग्रामीणों, जिनमें चुन्नी लाल और गांव के सरपंच भी शामिल थे, ने मिलकर शव को बाहर निकाला। समिति सदस्यों ने बताया कि शव लगभग 6-7 दिन पुराना होने के कारण गलित-सड़ित अवस्था में था। युवक की आयु करीब 28 से 30 वर्ष अनुमानित की जा रही है और उसके एक हाथ में लोहे का कड़ा भी था। पुलिस ने पहचान न होने पर शव को 72 घंटे के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।