झज्जर जिले के गांव कबलाना में एक घर के अंदर से लगातार सांप निकलने का मामला सामने आया है। घर से दो दर्जन से ज्यादा सांप, 3 बिच्छू और 5 कानखजूरा निकलने के बाद परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है। पूरी रात परिवार के लोग जागते रहे। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भूप सिंह के घर में देर रात सबसे पहले रसोई और बाथरूम के पास छोटे सांप दिखाई दिए। इसके बाद एक के बाद एक लगातार सांप निकलते रहे। परिवार के लोगों ने कई सांपों को मार गिराया, जबकि कई सांप घर और पाइपों के रास्ते निकलकर भाग गए। बताया जा रहा है कि सभी सांप करीब एक-एक फुट लंबे थे। पाइप लाइन के जरिए मकान में पहुंचे सांप परिवार का कहना है कि सांप सड़क किनारे गुजर रही पानी सप्लाई की पाइप लाइन के जरिए घर के अंदर पहुंचे। रसोई के वॉशबेसिन और बाथरूम से जुड़े पाइपों में भी सांप दिखाई दिए। इसके अलावा घर के अलग-अलग हिस्सों से 3 बिच्छू और 5 कानखजूरा भी निकले, जिससे परिवार और ज्यादा घबरा गया। घर में छोटे बच्चे होने के कारण पूरी रात अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बच्चों ने डर के कारण रातभर नींद नहीं ली। परिवार के सदस्य डंडों और टॉर्च के सहारे घर के हर कोने पर नजर बनाए रहे। घर के बाहर नालों की नहीं हुई सफाई परिवार के मुखिया भूप सिंह ने बताया कि घर के बाहर नालों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। गंदगी और पानी जमा रहने के कारण जहरीले जीव-जंतु पनप रहे हैं। उनका कहना है कि यही जीव अब पाइपों और नालियों के रास्ते घरों तक पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत नालों की सफाई कराने, दवा का छिड़काव करवाने और इलाके में विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले स्थिति पर काबू पाया जा सके।