भास्कर न्यूज | जालंधर इमिग्रेशन हब (बीएमसी चौक और गढ़ा रोड) पर बीते दिन हथियारबंद युवकों ने गुजराल इमिग्रेशन के मालिक सन्नी गुजराल की अपहरण कर पिटाई की थी। मामले में मंगलवार को उक्त ट्रेवल एजेंट ने अज्ञात विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही है। फोन करने वाले ने खुद को एक खतरनाक गैंग का सदस्य बताते हुए अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। पीड़ित कारोबारी ने तुरंत मामले की लिखित शिकायत, कॉल रिकॉर्डिंग और विदेशी नंबर जालंधर पुलिस को सौंप दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पीड़ित की सुरक्षा बढ़ा दी है। गुजराल इमिग्रेशन के दफ्तर और मालिक के घर के बाहर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। टेक्निकल सेल नंबर की जांच कर रहा है, जबकि पुलिस टीमें दफ्तर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। एसोसिएशनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द बेनकाब करने की मांग की है।