भास्कर न्यूज | जालंधर नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 342 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। कुल 105 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए। अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास)-सह-अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी, जालंधर दिव्या पी. ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद 447 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए थे। उनके अनुसार नगर परिषद आदमपुर से 9, नगर परिषद करतारपुर से 5, नकोदर से 33, नूरमहल से 23 और फिल्लौर से 5 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिए। वहीं नगर पंचायत मेहतपुर से 16 तथा नगर पंचायत लोहियां खास से 14 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र वापस लिए। नगर परिषद आदमपुर में 13, करतारपुर में 15, नकोदर में 17, नूरमहल में 13, फिल्लौर में 15 तथा नगर पंचायत मेहतपुर और लोहियां खास में 13-13 वार्ड हैं। चुनाव के लिए मतदान 26 मई 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और मतगणना 29 मई 2026 को कराई जाएगी।