चंडीगढ़ में शिकायत पर नगर निगम का एक्शन:सेक्टर-18डी मार्केट के पब्लिक टॉयलेट से अवैध कब्जा हटाया, अटेंडेंट की सेवाएं तुरंत खत्म

चंडीगढ़ नगर निगम (MCC) ने पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के जनता दरबार में आई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सेक्टर-18डी मार्केट स्थित पब्लिक टॉयलेट में अवैध कब्जा हटवा दिया। निगम ने टॉयलेट अटेंडेंट की सेवाएं भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं। सेक्टर-18डी के एक निवासी ने जनता दरबार में शिकायत दी थी कि मार्केट के सार्वजनिक शौचालय परिसर में अवैध कब्जा कर लोगों को परेशानी पहुंचाई जा रही है। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि आउटसोर्स पर तैनात टॉयलेट अटेंडेंट ने सार्वजनिक शौचालय के कॉरिडोर एरिया पर अवैध कब्जा कर रखा था और वहीं अपने परिवार के साथ रह रहा था। इससे आम लोगों को आने-जाने और शौचालय इस्तेमाल करने में दिक्कत हो रही थी। निगम की टीम ने हटाया कब्जा मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाया और संबंधित अटेंडेंट की सेवाएं समाप्त कर दीं। निगम अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थान को तुरंत खाली करवाकर आम लोगों के लिए सुचारु रूप से खुलवा दिया। शहर के सभी पब्लिक टॉयलेट्स की होगी जांच चीफ इंजीनियर ने शहर के सभी संबंधित एग्जीक्यूटिव इंजीनियरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद पब्लिक टॉयलेट्स का निरीक्षण करें और कहीं भी अवैध कब्जा या अनधिकृत इस्तेमाल मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें। साथ ही जल्द विस्तृत रिपोर्ट जमा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगर निगम ने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं के दुरुपयोग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शहर में साफ-सफाई, पारदर्शिता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *