पटना समेत बिहार के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को प्रदेश के 5 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लू चलने की संभावना है। साथ ही तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, भीषण गर्मी के बीच, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी समेत 23 जिलों में बारिश के आसार हैं। इसके अलावा बाकी अन्य जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। पूर्वी हवा के चलते उमस भरी गर्मी परेशान करेगी। बीते 24 घंटे में 43.4 डिग्री के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा। जबकि डेहरी में 43.1 और औरंगाबाद में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा किशनगंज में बारिश हुई। खगड़िया समेत कुछ जिलों में हल्के बादल छाए रहे। आखिर ऐसा मौसम क्यों बना मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में इस समय दो अलग-अलग सिस्टम सक्रिय हैं। पहला कारण यह है कि पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी बिहार में गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं लगातार चल रही हैं, जिससे वहां तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हीट वेव की स्थिति बन गई है। दूसरा कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली पूर्वी हवाएं हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर और पूर्वी बिहार में नमी पहुंचने के कारण बादल बन रहे हैं और कई जगहों पर हल्की बारिश के साथ आंधी की स्थिति बन रही है। इसी वजह से बिहार में एक साथ गर्मी और बारिश वाला मौसम देखने को मिल रहा है। देखें मौसम से जुड़ी कुछ तस्वीरें… 5 जिलों के लोगों के लिए मौसम विभाग की खास सलाह मौसम विभाग ने राज्य के 5 जिलों भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में हीट वेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में मौसम बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच सकता है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार रेड अलर्ट के दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म पछुआ हवाएं लोगों की सेहत पर सीधा असर डाल सकती हैं। दोपहर के समय सड़कें तपने लगती हैं और बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे मौसम में हीट स्ट्रोक, चक्कर, उल्टी, तेज बुखार और बेहोशी का खतरा बढ़ जाता है। डॉक्टरों ने बाहर न निकलने की अपील की डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलने, लगातार पानी पीने और धूप से बचाव करने की अपील की है। पटना में कैसा रहेगा मौसम राजधानी में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा चल सकती है। हालांकि उमस बनी रहेगी और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। एक हफ्ते तक कैसा रहेगा मौसम, जानिए… मौसम विभाग के अनुसार अगले एक हफ्ते तक बिहार में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। दक्षिण-पश्चिम जिलों में गर्मी और लू का असर जारी रहेगा, जबकि उत्तर और पूर्वी बिहार में बीच-बीच में बादल, तेज हवा और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। 2 से 3 दिन बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।