चित्रकूट में 10 साल की बच्ची डूबी:कुएं में नहाते समय पैर फिसलने से हुई मौत, ग्रामीणों ने बाहर निकाला शव

चित्रकूट जिले के भरतकूप थाना क्षेत्र के छिवलहा गांव के अनीपुर मजरा में गुरुवार को एक 10 वर्षीय बालिका की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बालिका कुएं में नहाते समय फिसल गई थी। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। अनीपुर मजरा निवासी रघुनाथ यादव की भतीजी आशू त्रिपाठी गांव की अन्य बच्चियों के साथ कुएं की सीढ़ियों पर नहा रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ा और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गई। साथ में मौजूद बच्चियों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत कुएं में उतरकर आशू की तलाश शुरू की। लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका आशू त्रिपाठी कक्षा पांच की छात्रा थी। वह अपने भाई-बहनों में तीसरे स्थान पर थी। परिवार में उसके एक भाई और तीन बहनें हैं। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के कारण गांव के कई बच्चे कुएं पर नहाने जाते हैं। उन्होंने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण ऐसे हादसों का खतरा बने रहने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *