रील बनाते समय नहर में डूबने से युवक की मौत:मामा-मौसेरे भाई के साथ नहाने आया था; यमुनानगर में संतुलन बिगड़ने से हादसा

यमुनानगर छछरौली क्षेत्र के गांव पिपली माजरा के पास पश्चिमी यमुना नहर में नहाने आए एक 23 वर्षीय युवक की रील बनाते समय पैर फिसलने से डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही छछरौली थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राशिद (23) पुत्र गुलजार निवासी गांव हरनौली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राशिद शादीपुर स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था। तेज बहाव के कारण हो गया लापता शुक्रवार को वह अपने मामा और मासी के बेटे के साथ गांव पिपली माजरा के पास पश्चिमी यमुना नहर में नहाने के लिए आया था। नहाने के दौरान वह नहर के किनारे खड़े होकर अपने मामा के मोबाइल फोन से रील बनवा रहा था। इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राशिद को डूबता देख उसके साथ मौजूद परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई। एक घंटे चला सर्च ऑपरेशन सूचना मिलने पर छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया। गोताखोरों ने करीब एक घंटे तक लगातार सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद राशिद को पानी से बाहर निकाल लिया गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि युवक नहर किनारे रील बनवा रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *