लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बीती रात से बिजली गुल होने के कारण स्टेशन परिसर में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली न होने के कारण रेलवे का कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ गया है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार रात करीब 1:30 बजे से लाइट गई हुई है और अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। इस बड़े ब्लैकआउट का कारण कोई तकनीकी खराबी नहीं बल्कि चोरी की वारदात है। बताया जा रहा है कि चोर रेलवे स्टेशन से बिजली की मुख्य तारें चोरी कर ले गए हैं जिसके चलते पूरे स्टेशन की बिजली बाधित हो गई है। स्टेशन हेड ने की घटना की पुष्टि इस पूरे मामले पर स्टेशन हेड अजय ने घटना की पुष्टि करते हुए माना है कि लाइट जाने की मुख्य वजह तारों की चोरी ही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल रेलवे विभाग द्वारा जांच की जा रही है कि इस घटना में कितना नुकसान हुआ है और चोरों ने किस हिस्से को निशाना बनाया है। तेजी से चल रहा है मरम्मत का काम स्टेशन परिसर में कामकाज को वापस पटरी पर लाने के लिए रेलवे की टीम जुट गई है। स्टेशन हेड के मुताबिक प्रभावित हिस्से में काम चल रहा है और बिजली व्यवस्था को पूरी तरह से बहाल करने के लिए नई तारें जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके।