लुधियाना में वाहन चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पोर्श इलाके सिविल लाइन में भी बिना किसी खौफ के वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बिंद्राबन रोड का है, जहां गली नंबर 6 में एक जूता कारोबारी के घर के बाहर खड़ी एक्टिवा चोरी हो गई। चोर इतना बेखौफ था कि उसने घटना को अंजाम देने से पहले इत्मीनान से इलाके की रेकी की और फिर बड़े आराम से वाहन लेकर फरार हो गया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है पीड़ित पार्थ ने बताया कि वे पिछले काफी लंबे समय से अपनी एक्टिवा घर के बाहर गली में ही खड़ी करते आ रहे हैं और पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई। रोजाना की तरह बीती रात भी उन्होंने अपनी एक्टिवा घर के बाहर गली नंबर 6 में खड़ी की थी। अगली सुबह जब पार्थ अपने काम पर जाने के लिए घर से बाहर निकले और एक्टिवा उठाने लगे, तो देखा कि वह अपनी जगह से गायब थी। आस-पड़ोस में पूछताछ और तलाश करने पर जब वाहन का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिवार ने तुरंत इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की जिसके बाद चोरी की यह पूरी वारदात सामने आई। CCTV में क्या नजर आया सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर चोरी का पूरा तरीका साफ नजर आ रहा है रात करीब 12:30 बजे सफेद कपड़े पहने एक नौजवान अकेला पैदल ही गली में आता दिखाई देता है। गली में दाखिल होने के बाद उसने तुरंत चोरी नहीं की बल्कि एक्टिवा के आसपास दो से तीन बार चक्कर लगाकर पूरे इलाके की अच्छी तरह से रेकी की। फुटेज में नजर आ रहा है कि चोर एक घर के बाहर इत्मीनान से बैठ जाता है। उसने पहले आराम से अपने जूते (बूट) पहने और फिर बिना किसी जल्दबाजी या डर के एक्टिवा चुरा कर ले गया। चोर के हाव-भाव देखकर साफ लग रहा था कि उसके मन में पुलिस या कानून का कोई खौफ नहीं था और वह किसी पेशेवर चोर की तरह बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहा था।