सोनीपत में एनकाउंटर में तीन बदमाश घायल:खरखौदा कोर्ट के बाहर किया मर्डर, 9 घंटे में दो मुठभेड़, एंटी गैंगस्टर यूनिट की कार्रवाई

सोनीपत पुलिस की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। जहां 9 घंटे भीतर मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गोली मारी है। खरखौदा कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया की हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों का पुलिस से आमना-सामना हो गया। मुरथल थाना क्षेत्र गांव रेवली के नजदीक किसी बड़ी वारदात की फिराक में छिपे बदमाशों को पकड़ने पहुंची एंटी गैंगस्टर यूनिट पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्याकांड पुरानी रंजिश और बदले की भावना में अंजाम दिया गया था। मुरथल में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ पुलिस को सूचना मिली थी कि खरखौदा कोर्ट हत्याकांड में फरार चल रहे तीन आरोपी मुरथल थाना क्षेत्र में छिपे हुए हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एंटी गैंगस्टर यूनिट ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाश घायल हो गए। तीनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली मुठभेड़ के दौरान नवनीत उर्फ साहिल, सोहन उर्फ काकू और साहिल उर्फ बाउ के पैरों में गोली लगी। तीनों आरोपियों को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी झज्जर जिले के गांव दुबलधन के रहने वाले हैं। इनके कब्जे से 5 अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। कोर्ट के बाहर हुई थी नीरज उर्फ कातिया की हत्या पुलिस के अनुसार, 16 मई को नीरज उर्फ कातिया अपनी पत्नी के साथ दहेज मामले में कोर्ट की तारीख पर खरखौदा आया हुआ था। दोपहर करीब 12:15 बजे जब वह कोर्ट से बस स्टैंड की तरफ जा रहा था, तभी तहसील के मुख्य गेट के सामने एक सफेद रंग की ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही नीरज सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार से उतरे तीन युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल नीरज की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुरानी रंजिश में लिया हत्या का बदला पुलिस से के मुताबिक, वर्ष 2009 में नीरज उर्फ कातिया ने नवनीत उर्फ साहिल के चाचा की हत्या की थी। बताया जा रहा है कि उसी हत्या का बदला लेने के लिए नीरज की कोर्ट के बाहर गोली मारकर हत्या की गई। पुलिस इस पूरे मामले को गैंगवार और पुरानी दुश्मनी से जोड़कर जांच कर रही है। पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी खरखौदा कोर्ट के बाहर हुई इस सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं तीन आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में कई टीमें लगी हुई थीं। अब मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों फरार आरोपियों को भी काबू कर लिया है। इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका इस कार्रवाई में पीएसआई विवेक, एएसआई विक्रांत, सब इंस्पेक्टर मनजीत, एचसी प्रदीप, एएसआई अमित और एससी प्रदीप शामिल रहे। वहीं दूसरी एएनसी टीम में इंस्पेक्टर सतेंद्र, पीएसआई जितेंद्र, सब इंस्पेक्टर सुरेश, एएसआई आशीष, एचसी अमित और कांस्टेबल नवीन व संदीप ने अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *