टकराहा में ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध शराब जब्त:दो तस्कर गिरफ्तार, तहखाने में छिपाकर ले जाई जा रही थी

ठकराहा पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। रविवार सुबह करीब 10 बजे पीपी तटबंध स्थित ठोकर नंबर-4 के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली में बने गुप्त तहखाने से यह बरामदगी की गई। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश सीमा से शराब की बड़ी खेप पीपी पुल के रास्ते पूजहा पटजिरवा की ओर भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की, जिसके दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। गुप्त तहखाने से मिली 35 पेटी शराब तलाशी के दौरान ट्रॉली में बेहद चालाकी से बनाया गया गुप्त तहखाना मिला। उसे खोलने पर ‘8 PM’ ब्रांड की 35 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 302.4 लीटर बताई गई है। दो तस्कर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार गिरफ्तार तस्करों की पहचान राजेश कुमार साहनी और संतोष कुमार साहनी के रूप में हुई है, जो नौतन थाना क्षेत्र के खड़ा कुंजलहि गांव के निवासी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब की खेप बैरिया प्रखंड के नौतन जगदीशपुर निवासी सरोज साहनी और अजय साहनी की थी। पुलिस दोनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अभियान जारी रखने का दावा थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *