करनाल में यमुना में नहाने गए 3 युवक डूबे:4 घंटे तक नहीं पहुंची नाव और गोताखोर, ग्रामीणों ने खुद शुरू किया सर्च ऑपरेशन

करनाल में गंगा दशहरे के मौके पर लालूपुरा घाट के पास यमुना में नहाने गए 3 युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना उस समय हुई जब 7 युवक एक साथ नदी में स्नान कर रहे थे और अचानक एक के डूबने पर बाकी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। देखते ही देखते तीनों युवक पानी में समा गए। घटना के कई घंटे बाद भी प्रशासन की ओर से नाव और गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है और वे खुद ही नदी में उतरकर तलाश कर रहे हैं। कम पानी से गहरे हिस्से में जाने पर हुआ हादसा कुटेल निवासी शुभम ने बताया कि वे 7 लोग गंगा दशहरे पर नहाने के लिए लालूपुरा घाट पहुंचे थे। पहले सभी कम गहराई वाले हिस्से में नहा रहे थे, लेकिन बाद में एक युवक के कहने पर वे आगे बढ़े। तभी गांव मुबारकाबाद निवासी रमेश कुमार गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए कुटेल गामड़ी निवासी 19 वर्षीय मोंटी उर्फ मंगतराम आगे बढ़ा, लेकिन वह भी डूब गया। इसके बाद 23 वर्षीय कुटेल गामड़ी निवासी संजू ने भी छलांग लगा दी और वह भी पानी में समा गया। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पानी की गहराई करीब 30 फुट बताई जा रही है। चार घंटे बाद भी नहीं पहुंची राहत टीम घटना की सूचना मिलने के बाद घरौंडा तहसीलदार और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। लेकिन करीब 4 घंटे बीतने के बावजूद न तो नाव पहुंची और न ही कोई गोताखोर मौके पर आया। इससे नाराज ग्रामीणों ने खुद ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया और अपने स्तर पर युवकों को ढूंढने के प्रयास किए। पुलिस ने कहा- सर्च ऑपरेशन जारी घरौंडा थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि 3 युवकों के यमुना में डूबने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की धीमी कार्रवाई के कारण समय पर मदद नहीं मिल पाई, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *