45 ई-बसों को आज सीएम सैनी दिखाएंगे हरी झंडी:पानीपत से 13 रूट्स पर दौड़ेंगी AC बसें; हर सीट पर होगा SOS अलार्म

पानीपत और आस-पास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है। पूरे जिले के लोगों को आज से अत्याधुनिक, प्रदूषण मुक्त और आरामदायक सफर का तोहफा मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज दोपहर पुराना बस अड्डा प्रांगण में नवनिर्मित इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वे पानीपत, पंचकूला, सोनीपत, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जिलों के लिए कुल 80 लो-फ्लोर एसी इलेक्ट्रिक (ई-बस) बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इनमें 40 बसें अकेले पानीपत की हैं, जबकि 5 एसी बसें पहले से चल रही हैं। इस तरह अब पानीपत में कुल 45 ई-बसें 13 विभिन्न रूट्स पर दौड़ेंगी। इस उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, परिवहन मंत्री और अनिल विज भी शिरकत करेंगे। सुरक्षा के लिए 7 CCTV और SOS अलार्म ये बसें जेबीएम (JBM) कंपनी की हैं, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 150 किलोमीटर तक चल सकेंगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में 7 सीसीटीवी कैमरे और हर सीट पर SOS इमरजेंसी अलार्म बटन की सुविधा दी गई है। इमरजेंसी में बटन दबाते ही सबसे पहले ड्राइवर और फिर सीधे डिपो के कंट्रोल रूम को सूचना जाएगी। इन बसों के लिए 110 ड्राइवर कंपनी के होंगे, जबकि कंडक्टर हरियाणा रोडवेज के होंगे, जिनमें दो महिला कंडक्टरों (सोनिया और रजनी) का भी चयन हुआ है. जब तक इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन शुरू नहीं होती, तब तक कंडक्टर खुद टिकट काटकर देंगे। नियम व शर्तें- कोई भी पास मान्य नहीं पानीपत रोडवेज डिपो के जीएम विक्रम कंबोज ने साफ किया है कि इन एसी ई-बसों में सामान्य रोडवेज बसों में चलने वाले हैप्पी कार्ड, सीनियर सिटीजन पास या अन्य कोई भी पास मान्य नहीं होगा। 5 साल तक के बच्चों का सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा, जबकि 5 से 12 साल तक के बच्चों की आधी टिकट लगेगी। किस रूट पर चलेंगी कितनी बसें पानीपत से शामली (वाया सनौली): 8 बसें, पानीपत से गोहाना (वाया इसराना): 6 बसें, पानीपत से करनाल (वाया घरौंडा): 5 बसें, पानीपत से सफीदों (वाया मतलौडा): 4 बसें, पानीपत से सिंधू बॉर्डर (दिल्ली सीमा): 4 बसें और पानीपत से सोनीपत: 3 बसें। पानीपत लोकल रूट्स नया बस अड्डा से टोल प्लाजा (8 बसें), पानीपत-बापौली (2 बसें), असंध नाका से निंबरी (2 बसें), पानीपत-बरसत (1 बसें), असंध नाका से टोल प्लाजा (1 बसें) तथा नया बस अड्डा सिवाह से गढ़ी सिकंदरपुर वाया काबड़ी (1 बस)।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *