हरियाणा के नूंह में बकरीद की नमाज के बाद दो इलाकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान पथराव और लाठी-डंडे भी चले। वहीं एक जगह फरसे भी मारे गए। वारदात में 12 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली वारदात निजामपुर गांव में हुई, जहां ईद की नमाज के बाद दो गुटों के बीच झड़प हुई। झड़प पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर हुई। गांव के जमील सरपंच गुट और रमजी गुट के सदस्य ईदगाह से नमाज अदा कर लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। इसके बाद सिंगार गांव में भी दो गुटों में किसी बात पर कहासुनी के बाद झड़प हो गई और लाठी-डंडे चले, जिसमें एक का सिर फट गया। वारदात के बाद दोनों जगह पुलिस को तैनात करना पड़ा। जानिए पूरा मामला… पंचायत चुनाव से चली आ रही रंजिश ग्रामीणों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे ईद की नमाज अदा करने के बाद हुई। पंचायत चुनाव के समय से ही दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। इससे पहले भी कई बार हिंसक झड़प हो चुकी है। ईद के दिन हुई मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्ष पुरानी रंजिश के चलते और भिड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना आकेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। सिंगार गांव में भी लाठी-डंडे चले इसके अलावा बिछौर थाना क्षेत्र के सिंगार गांव में भी पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिछौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुनहाना में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एक घायल की हालत गंभीर डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद शहीद राजा हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ रेफर कर दिया गया है। उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए सीटी स्कैन कराया जा रहा है। घायलों में अफजूल, शहीद, नाजिम, शब्बो, नफीसा सहित अन्य लोग शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि विवाद की शुरुआत कहासुनी और गाली-गलौज से हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुनहाना के चिकित्सक डॉ. जतिन बेनीवाल ने जानकारी दी कि सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य घायलों को भी उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जा सकता है। किसी भी पक्ष ने दर्ज नहीं कराई शिकायत थाना आकेड़ा के एसएचओ वीरेंद्र ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की निगरानी कर रही है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।