AAP विधायक बाजीगर का VIDEO वायरल:बोले- वोटिंग में कोई कसर रह गई तो गेट बंद कर निकालेंगे; विरोधी बोले- ये बूथ कैप्चरिंग करेंगे

पंजाब में नगर निगम (MC) और नगर परिषद चुनावों से पहले राजनीतिक पारा चढ़ गया है। पटियाला के शुतराना (पातड़ां) से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर का एक विवादित वीडियो सामने आया। कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह इस वीडियो को जारी किया। इसमें AAP विधायक मंच से लोगों को पार्टी के लिए वोट करने की बात कहते हैं। इसके बाद वो कहते हैं कि अगर कोई कसर छूट भी जाएगी तो हम गेट बंद करके निकाल लेंगे। विधायक के बयान पर कांग्रेस-अकाली समेत सभी विरोधी पार्टियां आम आदमी पार्टी सरकार को घेर रही हैं। कांग्रेस ने पोस्ट कर कहा कि ये सीएम मान का प्लान है और हम इस साम दाम दंड भेद वाली राजनीति को चलने नहीं देंगे। वहीं, अकाली दल ने मामले में सीएम भगवंत मान और चुनाव आयोग (EC) से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि पंजाब में 26 मई को निकाय चुनाव होना है और 29 मई को रिजल्ट आएंगे। दैनिक भास्कर वीडियो की पुष्टि नहीं करता। पहले जानिए VIDEO में क्या, जिसपर मचा बवाल वीडियो में AAP विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहते हैं कि शहर के लोगों ने मन बना लिया है और 17-0 से AAP का प्रधान बनना तय है। विपक्ष को नसीहत देते हुए वह कहते हैं कि चुनाव लड़कर अपना पैसा बर्बाद न करें। हालांकि, विवाद तब खड़ा हुआ जब उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा अगर कोई थोड़ी बहुत कसर रह गई, तो हम गेट बंद करके निकाल लेंगे मारपीट नहीं करेंगे,बस गेट बंद करके अपना काम कर लेंगे। इसके बाद उन्होंने यह भी जोड़ा कि ये सब उन्होंने विपक्षी पार्टियों से ही सीखा है और AAP में भी थोड़ी-थोड़ी उनके वाली बात है। जब वीडियो को लेकर विधायक से भास्कर रिपोर्टर ने बात करने की कोशिश की तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। पंजाब कांग्रेस ने सीएम मान पर हमला बोला पंजाब कांग्रेस ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब साम, दाम, दंड, भेद’ की खतरनाक राजनीति का गवाह बन रहा है। पार्टी ने ट्वीट कर पूछा क्या मनीष सिसोदिया और AAP द्वारा दिल्ली में इस्तेमाल किया गया दबाव, हेरफेर और सत्ता के दुरुपयोग का प्लेबुक अब पंजाब में लाया जा रहा हैं। कांग्रेस ने पोस्ट कर कहा कि अगर चुने हुए प्रतिनिधि खुद बूथ कैप्चरिंग की भाषा बोल रहे हैं, तो लोकतंत्र का क्या संदेश जाएगा। पार्टी ने चुनाव आयोग (EC) से मामले की तुरंत जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बिक्रम सिंह मजीठिया ने कसा तंज अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सीधे सीएम भगवंत मान को चुनौती देते हुए कहा भगवंत मान दावा करते थे कि विपक्ष के पास कोई कैडर नहीं है। तो फिर AAP को बूथ कैप्चरिंग की नौबत क्यों आ गई। मजीठिया ने सवाल उठाया कि क्या AAP को जमीनी स्तर पर अपनी हार का डर सता रहा है। 26 मई को निकाय चुनाव की वोटिंग बता दें कि पंजाब में निकाय चुनाव का ऐलान हो गया है। 26 मई को वोटिंग होगी। वोटिंग का समय सुबह 8 बजे से 5 बजे तक होगा। वहीं काउंटिंग 29 मई को होगी। 8 नगर निगम, 76 नगर काउंसिल और 21 नगर पंचायतों में चुनाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *