उत्तर प्रदेश पुलिस के ADG लॉ एंड ऑर्डर/STF अमिताभ यश के पिता रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी रामयश सिंह का 83 साल की उम्र में लखनऊ में आज (27 अप्रैल को) आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन की सूचना मिलते ही घर पर श्रद्धांजलि देने डीजीपी राजीव कृष्ण समेत उत्तर प्रदेश के कई अधिकारी पहुंचे। सीएम योगी पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बाद लखनऊ पहुंचते ही उनके इंदिरानगर स्थित आवास जाकर पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि दी। रामयश सिंह बिहार कैडर में तैनात रहे और डीआईजी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने बिहार पुलिस में बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जहानाबाद, गोड्डा (वर्तमान में झारखंड राज्य) में महत्वपूर्ण जिलों की कमान संभाली। उच्च कोटि के साहस और वीरता के प्रदर्शन के लिए उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पदक भी मिला था। अमिताभ यश का भोजपुर में हुआ था जन्म अमिताभ यश का जन्म 11 अप्रैल 1971 को बिहार के भोजपुर जिले में हुआ। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा बिहार से पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक किया और फिर IIT कानपुर से M.Sc. की डिग्री हासिल की। अमिताभ यश 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश में ADG लॉ एंड ऑर्डर एवं STF के पद पर तैनात हैं। पुलिस परिवार से आने के कारण उनका बचपन भी पुलिस माहौल में बीता। अमिताभ यश की पत्नी रेणु सिंह भारतीय वन सेवा (IFS) की अधिकारी हैं। वह विभिन्न राज्यों में सेवाएं दे चुकी हैं और नई दिल्ली स्थित नेशनल जूलॉजिकल पार्क की निदेशक भी रह चुकी हैं।