चंडीगढ़ आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (CHB) की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सेक्टर-39 के पार्टी कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड पर हजारों परिवारों के साथ गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया और बड़े विरोध आंदोलन की घोषणा की। पार्टी के प्रभारी जर्नैल सिंह ने कहा कि पहले कांग्रेस और पिछले 12 वर्षों से भाजपा के शासन में शहर की जनता को लगातार गुमराह किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में दोनों पार्टियों की नीतियों के कारण लोगों में असमंजस और असुरक्षा का माहौल बना है। पहले नीड बेस्ड चेंजेस की अनुमति लेकर वसूला शुल्क उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड अब तक करीब 32,000 नोटिस जारी कर चुका है, जिनमें हजारों परिवारों से तोड़फोड़/रिस्टोरेशन चार्ज मांगा जा रहा है। जरनैल सिंह ने कहा कि पहले नीड बेस्ड चेंजेस की अनुमति देकर शुल्क लिया गया, लेकिन अब उन्हीं बदलावों को अवैध बताकर कार्रवाई की जा रही है। 25 प्रतिशत आबादी होगी प्रभावित आप नेता के अनुसार, CHB ने 67,000 से अधिक मकान बनाए हैं, जिनमें शहर की लगभग 25% आबादी रहती है। इनमें से 50% से अधिक परिवार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) से जुड़े हैं। 2001 से 2026 तक बार-बार नीतियों में बदलाव से लोगों में भ्रम और असुरक्षा बढ़ी है। जरनैल सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के FAR फैसले के बाद राहत उपायों को वापस लेने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त निर्माण पर ₹200 प्रति वर्ग फुट के साथ GST और अन्य शुल्क वसूले जा रहे हैं, जिससे आम परिवारों पर ₹30,000 से ₹50,000 या उससे अधिक का आर्थिक बोझ पड़ रहा है। भेदभाव की स्थिति बन रही उन्होंने यह भी कहा कि “वन टाइम रेगुलराइजेशन” और “नो पेनल्टी पॉलिसी” जैसे वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में अलग-अलग नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे भेदभाव की स्थिति बन रही है। नई SOP 2026 में फेज-1 मकानों को राहत से बाहर रखा गया है। “फ्लैट की जगह कमरे” वाली नीति पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोग स्थायी निर्माण नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि जब निर्माण की अनुमति देकर पैसा लिया गया, तो अब उसे अवैध बताकर घर गिराने की कार्रवाई कैसे उचित है। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगी। जरूरत पड़ने पर राज्यपाल से लेकर संसद तक मामला ले जाया जाएगा और यदि आवश्यक हुआ तो प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का घेराव भी किया जाएगा। नुक्कड़ सभाएं आयोजित करेगी आप आप ने घोषणा की कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सभी क्षेत्रों में बड़े स्तर पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रभावित परिवारों से संपर्क करेंगे और विरोध फॉर्म भरवाकर प्रशासन के सामने सामूहिक आवाज उठाएंगे। इसके साथ ही आप ने शहरभर में सिग्नेचर कैंपेन और जनजागरूकता अभियान भी शुरू किया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस मुद्दे से जोड़ा जा सके। पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि हजारों परिवारों के घर बचाने के लिए वह पूरी ताकत से संघर्ष करेगी।