बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज यानी मंगलवार को मुंगेर और खगड़िया का दौरा करेंगे। इस दौरान वे धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ-साथ कई विकास योजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे। CM 5 मई को सबसे पहले सुबह 11 बजे अपने गृह जिले मुंगेर जाएंगे। यहां वे योग आश्रम में आयोजित पदार्पण दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति के दर्शन भी करेंगे। यह आयोजन 5 और 6 मई को पहली बार मुंगेर योग आश्रम द्वारा किया जा रहा है। इस आयोजन में सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र 5 मई की शाम पोलो मैदान में होने वाला भव्य लेजर लाइट और 550 ड्रोन शो रहेगा। हालांकि, इस दौरान मौके पर सीएम मौजूद नहीं रहेंगे। वो पटना के लिए निकल जाएंगे। ये शो शहरवासियों के लिए खास पल रहेगा। प्रशासन की ओर से सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी जारी किया गया है। जिसमें बताया गया है कि सीएम पूरे दिन क्या-क्या करेंगे। सुबह पटना से मुंगेर जाएंगे सीएम मुख्यमंत्री सुबह 10:10 बजे पटना हवाई अड्डा से मुंगेर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। लगभग 40 मिनट के सफर के बाद वे सुबह 10:50 बजे सफियाबाद हेलीपैड पर उतरेंगे। हेलिपैड पर गार्ड ऑफ ऑनर के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से बिहार योग विद्यालय जाएंगे। यहां सुबह 11 बजे से वे गंगा दर्शन स्थल पर स्थित ज्योति मंदिर और ध्यान समाधि स्थल का भ्रमण करेंगे। यहां वे श्रीनिवास परिसर में स्वामी जी से मुलाकात करेंगे। साथ ही पादुका दर्शन और आरती कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम धार्मिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्रीय मंत्री और कई नेता भी होंगे शामिल इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और चिराग पासवान के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा कई मंत्री, सांसद, एमएलसी और विधायक भी 5 मई को पादुका दर्शन आश्रम पहुंचकर भगवान तिरुपति बालाजी की प्रतिमा का दर्शन करेंगे। मरीन ड्राइव प्रोजेक्ट का लेंगे जायजा सुबह 11:30 बजे मुख्यमंत्री प्रस्तावित मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ (मरीन ड्राइव) परियोजना के प्रेजेंटेशन और कार्य प्रगति का अवलोकन करेंगे। यह परियोजना क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद 11:50 बजे मुख्यमंत्री भाजपा नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश जैन के आवास पहुंचेंगे, जहां वे एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे। दोपहर 12:15 बजे वे भारतीय जनता पार्टी, मुंगेर के एक कार्यक्रम में भाग लेंगे। खगड़िया के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना दोपहर 1:15 बजे मुख्यमंत्री मुंगेर से हेलीकॉप्टर के जरिए खगड़िया के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 1:35 बजे वे चौथम स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां वे मां कात्यायनी मंदिर का दर्शन करेंगे और मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा वे निर्माणाधीन एनएच-95 (खगड़िया-सहरसा पथ) के कार्यों की प्रगति का भी जायजा लेंगे। अगुवानी घाट पुल का करेंगे निरीक्षण दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री अगुवानी घाट के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। करीब 2:20 बजे वे अगुवानी घाट हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से सुल्तानगंज-अगुवानी घाट पुल का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद पुल निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण भी किया जाएगा। दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से परबत्ता विधायक के आवास के लिए रवाना होंगे। करीब 3 बजे वे वहां पहुंचकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। शाम को पटना वापसी दोपहर 3:15 बजे मुख्यमंत्री अगुवानी घाट हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे। 3:30 बजे वे हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना होंगे। करीब 4:20 बजे पटना हवाई अड्डा पहुंचने के बाद वे मुख्यमंत्री सचिवालय जाएंगे और 4:30 बजे वहां पहुंचकर अपने दिनभर के कार्यक्रम का समापन करेंगे। पोलो मैदान में ड्रोन शो और लेजर लाइट बनेगा आकर्षण बता दें कि मुंगेर में सीएम के जाने के बाद 5 मई की शाम पोलो मैदान में भव्य लेजर लाइट शो का आयोजन होगा। 550 ड्रोन का अद्भुत प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि यह शो मुंगेर के इतिहास में पहली बार इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। आसमान में ड्रोन के जरिए धार्मिक और सांस्कृतिक आकृतियां उकेरी जाएंगी, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगी। 5 मई को VIP के लिए, 6 मई को आमलोगों के लिए दर्शन 5 मई को पादुका दर्शन आश्रम में भगवान तिरुपति बालाजी की उत्सव प्रतिमा का दर्शन केवल आमंत्रित वीआईपी मेहमानों के लिए रखा गया है। वहीं, 6 मई को आम श्रद्धालु पादुका दर्शन आश्रम और पोलो मैदान दोनों जगहों पर भगवान तिरुपति बालाजी की उत्सव प्रतिमा का दर्शन कर सकेंगे। 700 जवानों की तैनाती, सुरक्षा के कड़े इंतजाम कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सीएम के आगमन और बड़े आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुसार, लगभग 500 जवानों को प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया है, जबकि करीब 100 पुलिस पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा डीएसपी स्तर के अधिकारी और क्यूआरटी (Quick Response Team) के जवान भी तैनात रहेंगे। पोलो मैदान और किला परिसर में अतिरिक्त 150 से 200 जवानों की तैनाती की जाएगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। ड्रोन शो और लेजर लाइट कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने किला गेट के बाहर विशेष पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां जांच के बाद ही लोगों को पोलो मैदान में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वाहनों के रूट में बदलाव, ट्रैफिक प्लान लागू 5 मई को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने विभिन्न रूट निर्धारित किए हैं, ताकि आम लोगों को असुविधा न हो। जमालपुर से आने वाले वाहन सफियाबाद चौक, हेरू दियारा चौक, चुआबाग चौक होते हुए सोझी घाट तक जाएंगे। लखीसराय से आने वाले वाहन हेरू दियारा चौक और चुआबाग चौक होते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरेंगे। बरियारपुर से आने वाले वाहन तेलिया तालाब, जीरो माइल, पांच नंबर गुमटी होते हुए लाल दरवाजा पार्किंग तक पहुंचेंगे। बेगूसराय-खगड़िया से आने वाले वाहन श्रीकृष्ण सेतु पुल होते हुए गीता बाबू रोड से लाल दरवाजा पार्किंग में जाएंगे। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की अपील की है।