NEET की तैयारी कर रहे छात्र का मिला शव:मुजफ्फरपुर में नदी किनारे मिली लाश, परीक्षा छूट जाने के बाद से तनाव में था

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को अखाड़ाघाट पुल के नीचे बूढ़ी गंडक नदी किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान नज़ीरपुर निवासी 18 साल के आदर्श राज के रूप में हुई है, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार आदर्श बुधवार शाम से ही घर से लापता था। परिवार के लोगों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। इसी बीच दोपहर में नदी किनारे शव मिलने की खबर सामने आई। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। कैंसर से पीड़ित है पिता आदर्श दिल्ली में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी करता था। परिवार की आर्थिक और घरेलू परिस्थितियों के कारण वह इस बार नीट की परीक्षा नहीं दे सका था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में चल रहा था। उसके पिता कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा है। मृतक के चाचा ब्रजेश कुमार ने बताया कि आदर्श पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर था। वह डॉक्टर बनना चाहता था और लगातार पढ़ाई में जुटा रहता था। परिवार के लोगों के अनुसार उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। अहियापुर थाना अध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *