अंबा थाना क्षेत्र के मुख्य सब्जी बाजार में मंगलवार को खरीदारी के दौरान एक महिला का पर्स काट लिया गया। पीड़ित महिला की पहचान पूर्व पंसस निक्कू देवी के रूप में हुई है। वह मोहम्मद रेयाज हुसैन की दुकान पर खरीदारी कर रही थीं, तभी अज्ञात चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद बाजार में घंटों हंगामा होता रहा। इस दौरान स्थानीय पुलिस की संवेदनहीनता भी सामने आई। महिला के ससुर विश्वनाथ सिंह ने अंबा थानाध्यक्ष को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। पुलिस की इस बेरुखी से लोगों में काफी आक्रोश दिखा। अंततः ‘डायल 112’ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। टीम के अधिकारी अमित कुमार ने मामले को शांत कराया। जांच के दौरान एक अन्य महिला दुकानदार पीड़ित पक्ष पर हावी होने की कोशिश कर रही थी, जिसे पुलिस ने फटकार लगाई और उसे अपनी दुकान पर ध्यान देने की नसीहत दी। पुलिस ने उक्त महिला को चिह्नित कर स्थानीय थाने को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे और दुकानदार पर मिलीभगत का आरोप लगाने लगे। पीड़ित महिला ने बताया कि इस दुकानदार के पास अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं, जिससे संदेह पैदा होता है। गौरतलब है कि घटनास्थल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर कुछ दिनों पहले चोरों ने ताला तोड़कर करीब करोड़ रुपए की संपत्ति चुरा ली थी। उस मामले में पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने एसपी से बात कर विशेष टीम गठित करने की मांग की थी, लेकिन अब तक उसका खुलासा नहीं हो सका है। पूर्व उप प्रमुख के पति वीरेंद्र सिंह ने भी पुलिस पर केवल आश्वासन देने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता की कड़ी निंदा की है। 112 की टीम ने कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया है।