बिजली चोरी के आरोप में 4 पर FIR दर्ज:गरहां में विभाग को ₹1.91 लाख का राजस्व नुकसान, तार जब्त

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड अंतर्गत गरहां थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। शहरी-2 के विद्युत कार्यपालक अभियंता द्वारा गठित छापामारी दल ने विभिन्न गांवों में जांच की, जिसमें चार लोगों द्वारा विद्युत ऊर्जा चोरी का मामला सामने आया। इस कार्रवाई से विद्युत विभाग को लगभग ₹1,91,461 के राजस्व का नुकसान हुआ है। झपहाँ विद्युत प्रशाखा के कनीय अभियंता राम शंकर सिंह के नेतृत्व में छापामारी दल ने लोहसरी पंचायत के भगवानपुर घोंच (वार्ड 5) और सुरयाही (वार्ड 4) सहित अन्य स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न घरों में नॉन-कम्युनिकेटिंग मीटरों की जांच की गई और बिना मीटर या तार काटकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पाया गया। जांच में चार व्यक्तियों पर बिजली चोरी का आरोप लगा है। इनमें भगवानपुर घोंचा, वार्ड 5 के मोहम्मद हसनैन पर बिना मीटर के अवैध बिजली उपयोग के लिए ₹85,796 का जुर्माना लगाया गया। सुरयाही, वार्ड 4 के मोहम्मद मिस्टर पर ₹15,604, मोलहाई राम पर ₹64,622 और इसी वार्ड के विनोद राम पर ₹25,439 की बिजली चोरी का आरोप है। इन सभी मामलों से विभाग को कुल ₹1,91,461 का राजस्व नुकसान हुआ। विद्युत कनीय अभियंता राम शंकर सिंह ने गरहाँ थाना में आवेदन देकर इन चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और जांच व कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। छापामारी दल ने बिजली के तार, रीडिंग मीटर सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिए हैं। गरहां थानाध्यक्ष सेंटू कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग के कनीय अभियंता के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *