अमृतसर के युवक की पठानकोट में मिली लाश:रिश्तेदारों को मिलने आया था सुजानपुर, कान से निकल रहा था खून, पुलिस जांच में जुटी

पठानकोट-सुजानपुर रोड पर छोटेपुर के पास युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने लाश के सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। मृतक की पहचान 36 वर्षीय इंद्र के तौर पर हुई है। जोकि, खालसा कॉलेज में काम करता था।
हालांकि, युवक की मौत कैसे हुई, इस बात को लेकर संशय है। लेकिन, सुजानपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव के पास बिखरे पड़े थे कांच के टुकड़े
स्थानीय निवासी रोहन ने बताया कि सुबह जब वो यहां से गुजरने लगा तो सड़क के किनारे झाड़ियों में लाश पड़ी थी और उसके पास ही सड़क पर कांच के टुकड़े बिखरे पड़े थे। उसने संभावना जताई कि देर रात को किसी गाड़ी ने उसे हिट किया और चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि यह किसी सड़क एक्सीडेंट का मामला है।
सुजानपुर के ईदगाह मोहल्ले जा रहा था इंद्र
मृतक के चचेरे भाई सुजानपुर के मोहल्ला ईदगाह निवासी बंटी ने बताया कि उन्हें सुबह फोन पर इस दुखद घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि इंद्र अमृतसर का रहने वाला था और अमृतसर के खालसा कॉलेज में काम करता था।
वह रात को अमृतसर से पठानकोट आया था और वापस जा रहा था। रात के समय उसके साथ क्या हुआ, इस बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस करे मामले की गंभीरता से जांच
मोहल्ला ईदगाह निवासी बंटी ने कहा कि हमें नहीं पता कि यह हादसा कैसे हुआ। हम चाहते हैं कि पुलिस प्रशासन इसकी पूरी पड़ताल करे कि यह एक्सीडेंट है या कोई साजिश, और जो भी दोषी हो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिल्हाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों और युवक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *