पंजाब में सोमवार को भाजपा के दो ऑफिसों में हंगामा और तोड़फोड़ हुई। मोहाली के जीरकपुर में 5 नकाबपोश युवक भाजपा ऑफिस में घुस गए और दीवारों व पोस्टरों पर इंक फेंककर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने भाजपा नेता गुरदर्शन सैनी की तस्वीर पर भी इंक फेंकी। घटना के दौरान ऑफिस में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी कुछ देर बाद मौके से फरार हो गए। वहीं, तरनतारन में भी भाजपा ऑफिस पर हमला हुआ। 15 से 20 लोग अचानक ऑफिस में लाठी-डंडे लेकर दाखिल हुए और तोड़फोड़ की। कुर्सियां और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया व नारेबाजी भी की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। यहां भाजपा जिला प्रधान हरजीत सिंह संधू ने बताया कि वह किसी प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे, तभी 15 से 20 लोग ऑफिस में घुस आए। उन्होंने कहा कि हमलावर लगातार नारेबाजी कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। तरनतारन भाजपा ऑफिस पर हमले की 3 PHOTOS.. तरनतारन भाजपा ऑफिस पर हमला, 1 युवक पकड़ा
तरनतारन में भाजपा के ऑफिस पर हमला हुआ। सोमवार दोपहर के वक्त करीब 15 से 20 लोग अचानक ऑफिस में घुस आए और जमकर हंगामा किया। हमलावरों ने कार्यालय में तोड़फोड़ की और नारेबाजी करने लगे। भाजपा नेताओं के अनुसार हमलावरों ने पंजाब एकता जिंदाबाद और भाजपा मुर्दाबाद के पोस्टर भी फेंके। घटना के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक हमलावर को पकड़ लिया। लेकिन उसके अन्य साथी उसे छुड़ाकर वहां से ले जाने में सफल रहे। इसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। तरनतारन के SSP सुरेंद्र लांबा ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके। जीरकपुर भाजपा कार्यालय पर हमले की 3 PHOTOS… जीरकपुर भाजपा ऑफिस पर हमला, दीवारों पर इंक फेंकी
जीरकपुर में नकाबपोश युवक अचानक भाजपा दफ्तर में दाखिल हुए और अंदर दीवारों पर इंक फेंकना शुरू कर दिया। युवकों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता गुरदर्शन सैनी की फोटो पर भी इंक फेंकी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी कुछ मिनट तक कार्यालय में हंगामा करते रहे और बाद में मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है, जिसमें पांच नकाबपोश युवक कार्यालय की ओर आते और जाते दिखाई दे रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधियों को डराने का प्रयास किया जा रहा है और रोजाना गुंडागर्दी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों में भी भय का माहौल बन रहा है।