अमृतसर में अपहरण मामले में SHO गिरफ्तार:पेशी के दौरान व्यक्ति को कोर्ट से उठाया, अदालत ने दिया एक दिन का रिमांड

अमृतसर जिला कचहरी से एक व्यक्ति के अपहरण के मामले में एक एसएचओ को बीती रात गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी एसएचओ प्रभ को मंगलवार को अमृतसर की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस को उसका एक दिन का रिमांड हासिल हुआ है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि एसएचओ समेत चार लोगों ने उसे पेशी के बाद जबरन उठा लिया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि अपहरण के बाद उसे एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट भी की गई। इस घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। आधी रात को अरेस्ट किया गया शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले शुरुआती सबूतों के आधार पर बीती रात आरोपी एसएचओ प्रभ निवासी गुमटाला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई हो सकती है। कोर्ट से मिला एक दिन का रिमांड आज एसएचओ को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को एक दिन का रिमांड प्रदान किया है, ताकि आगे की पूछताछ की जा सके और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना के पीछे असल मकसद क्या था। वहीं, इस घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है। क्या था पूरा मामला पीड़ित गुरपाल सिंह अपनी एक पुरानी पेशी के सिलसिले में कोर्ट आया था, जहां पहले से घात लगाए बैठे एसएचओ प्रभ निवासी गुमटाला, रणबीर सिंह निवासी फिलोके, जतिंदर सिंह निवासी काजीकोट और उनके साथियों ने उसे अपनी बातों में फंसाया और फिर सफेद रंग की इनोवा कार में जबरन डालकर अगवा कर लिया। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड नछत्तर सिंह बताया जा रहा है, जो फोन पर लगातार दिशा-निर्देश दे रहा था। वारदात की जड़ साढ़े पांच किल्ले जमीन का सौदा है, जिसकी कुल कीमत करीब 11 करोड़ रुपए तय हुई थी। आरोपियों ने पीड़ित के खाते में 30 लाख रुपए बयाना राशि जमा कराई थी, लेकिन पूरी रकम न दे पाने के कारण वे अब अपना पैसा वापस मांग रहे थे। इसी रंजिश में आरोपियों ने पहले गुरपाल को जंडियाला के पास नागोके के खेतों में ले जाकर 315 बोर की राइफल और पिस्तौल के बल पर डराया। वहां पीड़ित के कपड़े उतरवाए गए और नछत्तर सिंह को वीडियो कॉल कर उसकी नग्न अवस्था में वीडियो दिखाई गई। आरोपियों ने गुरपाल की जेब से 2 लाख रुपए भी लूट लिए और राइफल के बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश उसे गोइंदवाल साहिब के पास एक अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां कथित तौर पर पुलिस से मिलीभगत का डर दिखाकर उससे कोरे कागजों और स्टाम्प पेपर पर जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान कराए गए। अंत में आरोपियों ने पीड़ित को उसके गांव झीते कलां के पास चलती गाड़ी से धक्का देकर फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *