अलीगढ़ में मजदूर पर गिरा मिट्‌टी का टीला, जिंदा दफन:14 फीट गहरे गड्‌ढे में काम कर रहा था, भाई बोला- जेई ने लात मारकर धकेला

अलीगढ़ में मिट्टी के टीले में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। वह 14 फीट गहरे गड्ढे में पानी की पाइपलाइन सही कर रहा था। जेसीबी से मिट्‌टी हटाकर साथियों ने उसे बाहर निकाला। अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें मिट्‌टी का टीला गिरता दिख रहा है। मजदूर के बड़े भाई ने बताया कि मिट्‌टी धसक रही थी। मेरे भाई ने गड्‌ढे में जाने से मना किया था। लेकिन, जेई ने गाली-गलौज कर और लात मारकर उसे जबरन गड्ढे में धकेल दिया। हादसे के बाद जेई मौके से भाग निकला। इसके बाद मजदूर के घरवालों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस से शव खींच लिया। करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने कार्रवाई का अश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना शनिवार दोपहर 2 बजे की रेलवे रोड की है। पहले 4 तस्वीरें देखिए… विस्तार से पढ़िए पूरा मामला पानी की पाइप लाइन सही करने उतरा था
अलीगढ़ के जवां में रहने वाला महेंद्र (32) मजदूर था। वह अलीगढ़ में किराए के कमरे में परिवार के साथ रहता था। महेंद्र के परिवार में पत्नी और 2 बच्चे हैं। एक 16 साल का बेटा और 11 साल की बेटी है। रेलवे रोड पर सीवर लाइन डाली गई थी। इस दौरान पानी की पाइपलाइन फट गई थी। जलकल विभाग ने पाइपलाइन ठीक करने के लिए करीब 14 फीट गड्‌ढा खोदा था। शनिवार को पाइपलाइन ठीक की जा रही थी। महेंद्र के भाई राजकुमार ने बताया- गड्ढा करीब 14 फीट गहरा था। उसकी मिट्टी ऊपर से दरक रही थी। मैंने जेई नरेंद्र सिंह के हाथ जोड़े। उनसे कहा कि अभी मिट्टी गिर रही है। अभी काम बंद कर दो, हमारी जान को खतरा है। लेकिन, जेई नरेंद्र सिंह नहीं माना। उसने कहा कि कामचोरी मत करो। इसके बाद मेरे भाई महेंद्र को लात मारकर जबरदस्ती गड्ढे के अंदर गिरा दिया। दोपहर करीब 2 बजे मैं, मेरा भाई और एक अन्य मजदूर पाइपलाइन ठीक करने के लिए गड्‌ढे में उतरे। घरवालों की पुलिस से नोकझोंक हुई
राजकुमार ने बताया- मेरा भाई पाइपलाइन को ठीक कर रहा था। तभी मिट्‌टी का बड़ा हिस्सा उसके ऊपर गिर गया। वह इसके नीचे दब गया। मौके पर मौजूद जेसीबी से मिट्टी हटाई गई। मैं और अन्य साथी भाई को लेकर जिला अस्तपाल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घरवालों ने हंगामा कर दिया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए लेकर जा रही पुलिस से उनकी नोकझोंक हो गई। लोगों ने पुलिस से शव छीन लिया। सूचना पर थाना बन्नादेवी पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। घरवालों ने कहा कि जब तक जेई पर कार्रवाई नहीं होगी, शव नहीं ले जाने देंगे। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। बिना टेंडर काम कराया जा रहा था
राजकुमार ने बताया- यह काम किसी ठेकेदार को टेंडर देकर नहीं कराया जा रहा था। जेई खुद पैसे कमाने के चक्कर में प्राइवेट तरीके से मजदूरों को बुलाकर काम करवा रहा था। मौके पर कोई सुरक्षा मशीन नहीं थी। मजदूरों ने बताया कि हम लोगों को रात 2-2 बजे तक भी जबरन काम पर बुलाया जाता था। मना करने पर प्रताड़ित किया जाता था। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा का कहना है कि काम के दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम थे। हादसा बहुत दुखद है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। मजदूर के घरवालों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। पत्नी बोली- सुबह 6 बजे गए थे, दोपहर में लाश मिली महेंद्र की पत्नी भारती ने बताया- जेई की देख-रेख में काम चल रहा था। मेरे पति शुक्रवार को रात 9 बजे घर पहुंचे थे। शनिवार को सुबह 6 बजे ही फिर से काम पर चले गए थे। दोपहर में हमें हादसे की सूचना मिली। मैं जिला अस्पताल पहुंची, तो मुझे वह जिंदा नहीं मिले। यहां पर पति का शव मिला। मालती ने कहा कि मुझे मुआवजे में 50 लाख रुपए चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। हादसे की जांच के लिए 3 सदस्यीय कमेटी बनी नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया- काम ठेकेदार की देख-रेख में चल रहा था। सभी वर्कर सेफ्टी जैकेट और हेलमेट पहने थे। ठेकेदार को पीड़ित परिवार की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सरकारी स्तर पर भी 5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जो तीन दिन के अंदर जांच पूरी कर रिपोर्ट देगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, घटना का सीएम योगी ने भी संज्ञान लिया है। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। ————————– ये खबर भी पढ़िए- बाहुबली बृजभूषण सिंह ने ठाकुरों को ललकारा, बोले- आपका कोई वजूद नहीं, जानिए इस नाराजगी की वजह क्या? यूपी में विधानसभा चुनाव करीब एक साल बाद होने हैं। इससे पहले भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने क्षत्रियों को एकजुट करना शुरू कर दिया है। बिहार के भागलपुर से यूपी के ठाकुरों को ललकारा। बोले- सरकारों में आपका कोई अस्तित्व नहीं है। आखिर उनकी नाराजगी की वजह क्या है? पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *