करनाल के निगदू थाना क्षेत्र की सीतामाई पुलिस चौकी के अधीन आने वाले एक गांव में 18 वर्षीय युवक को बंधक बनाकर कुकर्म करने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजनों को मोबाइल पर एक वीडियो मिला, जिसमें कुछ युवक पीड़ित के साथ गलत काम करते दिखाई दिए। पीड़ित पहले से ही शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता पिता ने पुलिस चौकी सीतामाई में शिकायत दी। जिसमें उन्होंने बताया कि उसका 18 वर्षीय बेटा बचपन से शारीरिक व मानसिक रूप से बीमार है। 8 मई को शाम करीब 5 बजे उसने अपने फोन पर एक वीडियो देखी, जिसमें कुछ युवक एक लड़के के साथ गलत हरकत कर रहे थे। ध्यान से देखा तो यह लड़का उनका बेटा ही था। जब पिता ने बेटे से पूछताछ की तो बेटे ने पूरी घटना बताई। बंधक बनाकर नशा दिया, फिर किया कुकर्म पीड़ित बेटे ने पिता को बताया कि आरोपी काला उर्फ गुरमीत, हर्षित, मोहित और एक अन्य युवक उसे जबरदस्ती पकड़कर हर्षित की बैठक में ले गए। वहां आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर नशा दिया और उसके साथ कुकर्म किया। घटना करीब एक सप्ताह पहले की बताई गई है। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे जान से मार देंगे, जिसके डर से वह चुप रहा। पुलिस ने शिकायत पर दर्ज किया केस 9 मई को पिता ने पुलिस चौकी सीतामाई में लिखित शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद थाना निगदू में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीतामाई पुलिस चौकी के इंचार्ज एसआई सुभाष ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गहनता व गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।