कुरुक्षेत्र के लाडवा में 2 नकाबपोश बदमाशों ने कॉलेज चेयरमैन के घर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घर पर तकरीबन 18 राउंड फायरिंग की। फायरिंग के वक्त घर पर परिवार मौजूद नहीं था। उस समय घर पर केवल उनका एक नौकर सो रहा था। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। दरअसल, कॉलेज चेयरमैन का परिवार चंडीगढ़ में रहता है और घर की देखरेख के लिए नौकर को रखा हुआ है। उन्हें कई बार रंगदारी के लिए फोन पर धमकियां मिल चुकी है। इसके चलते उन्हें चंडीगढ़ में सिक्योरिटी भी दी गई है। घटना की सूचना पाकर DSP निर्मल सिंह, SHO गुरनाम सिंह और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं। वहीं, एसएचओ का कहना है कि मामला रंगदारी से जुड़ा लग रहा है। परिवार के लोग घर पहुंच चुके हैं और पुलिस उनकी शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। अब सिलसिलेवार जानिए क्या है मामला… रंगदारी का लग रहा मामला- SHO
SHO लाडवा गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस रंगदारी के एंगल से अपनी जांच कर रही है। रजनीश बंसल को पंचकूला-चंडीगढ़ में सिक्योरिटी मिली हुई है। पिछले साल उनको कई बार रंगदारी देने के लिए धमकी भरे कॉल आए थे। उसके बाद उनको सुरक्षा मुहैया करवाई गई थी। हालांकि, लाडवा में उनके पास सुरक्षा नहीं थी। हिमाचल में है रजनीश बंसल का कॉलेज बता दें कि हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस (HGPI) के चेयरमैन रजनीश बंसल है। ये इंस्टीट्यूट हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में काला-अंब में स्थित है। यहां इंजीनियरिंग, नर्सिंग, फार्मेसी और कानून (लॉ) में डिग्री कोर्स होते हैं। ये ‘मां सरस्वती एजुकेशनल ट्रस्ट’ द्वारा संचालित है। इसके वाइस चेयरमैन रजनीश बंसल के भाई विकास बंसल है।