कुरुक्षेत्र में लिव-इन पार्टनर किडनैपिंग केस:पुलिस ने साथी को सौंपा, बच्चे साथ रखने से मना किया तो वापस मायके गई

कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला को पुलिस ने तलाश कर लिया। पुलिस ने महिला को उसके पार्टनर को सौंप दिया। हालांकि, बाद में महिला अपने मायके चली गई। महिला के पार्टनर सोनू ने उसके पति और परिवार पर किडनैप करने का आरोप लगाया था। महिला ने पुलिस पूछताछ में अपने भाई के साथ खुद मायके जाने की बात कबूल की। बाद में महिला के मायके पक्ष, पति और लिव-इन पार्टनर के बीच पंचायत हुई। पंचायत में सभी ने अपना-अपना पक्ष रखते हुए महिला को मायके, पति और पार्टनर में से किसी एक साथ जाने की इजाजत दी। पार्टनर संग जाना चाहती थी महिला जानकारी के मुताबिक, मायका पक्ष ने महिला रेखा के सामने दो ऑप्शन रखे। इसमें महिला ने अपने पार्टनर सोनू निवासी रावा के साथ जाने की इच्छा जताई। इस पर मायके पक्ष ने पार्टनर के पास अपने तीनों बच्चों को साथ लेकर जाने की शर्त रखी। इस पर पार्टनर सोनू ने एतराज जताया और बच्चे अपने पास रखने से मना कर दिया। अपने मायके चली गई रेखा उधर, रेखा ने अपने पहले पति के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद रेखा अपने भाइयों के साथ अपने मायके चली गई। पार्टनर सोनू ने रेखा की मानसिक रूप से दिव्यांग बच्ची को उसके हवाले कर दिया। दरअसल, रेखा अपने साथ दो बच्चों को लेकर चली गई थी और उसकी दिव्यांग बच्ची सोनू के पास रह गई थी। 15 साल पहले हुई थी शादी गांव रावा के सोनू ने बताया कि उसकी लिव-इन पार्टनर रेखा की शादी करीब 15 साल पहले ईस्माइलाबाद के नायब सिंह के साथ हुई थी। शादी से उन दोनों के तीन बच्चे हुए, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल है। करीब 6 महीने पहले उसकी और रेखा की जान-पहचान हुई थी। इस दौरान दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे थे। मर्जी से पति का घर छोड़कर आई इसके बाद उसकी पार्टनर अपनी मर्जी से पति का घर छोड़कर उसके साथ आ गई। बाद में वे दोनों अपने गांव रावा में आकर रहने लगे। पिछले महीने 7 अप्रैल उसने पिहोवा कोर्ट में जाकर लिव-इन रिलेशन का इकरारनामा भी करवाया था। यह दस्तावेज नोटरी के माध्यम से रजिस्टर कराया गया था। पुलिस को पति ने दी शिकायत कुछ दिन पहले उसकी पार्टनर के पति और उसके परिवार की ओर से थाना ईस्माइलाबाद में शिकायत दी गई थी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर गई, जहां सोनू उसने अपने दस्तावेज पेश किए। साथ ही उसकी पार्टनर ने फिर से सोनू के साथ रहने पर अपनी सहमति जताई। फिर से दोनों साथ रहने लगे। 4 मई को फिर हुई पंचायत चार मई को फिर से उसका पहला पति गांव में पंचायत लेकर आया था। पंचायत में उसने अपने तीनों बच्चे सोनू और रेखा के पास छोड़ने की बात रखी, जिस पर वे दोनों राजी हो गए। उसका पहला पति अपने तीनों बच्चों को उनके पास छोड़कर चला गया था। आरोप लगाया कि इस घटना के 2 दिन बाद उसकी पार्टनर का पति, परिवार और कुछ लोग उसके घर में घुस आए। मारपीट कर ले गए उन्होंने महिलाओं के साथ झगड़ा और मारपिटाई की। आरोपी उसकी पार्टनर और दो बच्चों को जबरन अपने साथ ले गए, जबकि तीसरे बच्चे को सोनू के घर पर ही छोड़ दिया था। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पार्टनर को सौंपा थाना शाहाबाद के SHO जगदीश टामक ने बताया कि महिला का पति और उसके भाई उसे अपने साथ लेकर गए थे। महिला ने पुलिस को स्टेटमेंट दिया था। साथ ही महिला ने अपने पार्टनर के साथ जाने की इच्छा जताई थी। पुलिस ने उसे पार्टनर को सौंप दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *