कुरुक्षेत्र में सुपारी लेकर कॉलेज चेयरमैन के घर फायरिंग:रेकी करने वाला काबू, सोशल मीडिया के जरिए डील; बैंक डकैती में जेल गया था शूटर

कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशन के चेयरमैन रजनीश बंसल के घर पर फायरिंग करने वाला मुख्य शूटर अर्जुन पंडित पेशेवर अपराधी है। उसने सुपारी लेकर चेयरमैन के घर पर गोलियां चलाई थी। शनिवार रात (2 मई) को हिनौरी रोड पर अर्जुन को मुठभेड़ में पुलिस ने दबोच लिया। उसके दोनों पैरों में गोलियां लगी हैं। फिलहाल, उसका LNJP अस्पताल में इलाज चल रहा है। पिछले महीने 15-16 अप्रैल की रात अर्जुन ने पहले घर में पर्ची फेंकी थी और इसके बाद फायरिंग की। इसके लिए उसकी जिला यमुनानगर के रादौर के शुभम पंडित के साथ डील हुई थी। पुलिस ने रेकी करने वाले आरोपी जसविंद्र सिंह को भी दबोच लिया। जबलपुर में बैंक में डाली थी डकैती CIA-1 के इंचार्ज प्रतीक कुमार के मुताबिक, अर्जुन ने साल 2023 में अपने साथियों के साथ मध्य प्रदेश (MP) में जबलपुर की एक बैंक ब्रांच में 5 लाख रुपए की डकैती की थी। इस मामले में गिरफ्तार होने के बाद अर्जुन करीब ढाई साल तक जेल में रहा। पिछले साल सितंबर में अर्जुन जमानत लेकर आया था। उस पर आर्म्स एक्ट में केस भी दर्ज हैं। गैंगस्टर के संपर्क में था अर्जुन अर्जुन अपने एक साथी की मदद से विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के संपर्क में आया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि शुभम पंडित और कार्तिक के इशारे पर फायरिंग की गई। ये सोशल मीडिया एप पर बातचीत करते थे। अर्जुन को पैसे देकर फायरिंग के लिए हायर किया गया था। हालांकि, यह साफ नहीं है कि कितने पैसे में उनकी बातचीत हुई थी। देसी पिस्टल और बाइक बरामद इंचार्ज प्रतीक कुमार ने बताया कि अर्जुन पुलिस टीम को देखकर भाग रहा था। टीम ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने बाइक को नीचे गिरा दिया और भागते हुए पुलिस टीम पर 3 राउंड फायर किए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 4 राउंड फायर किए। उसके पैरों पर गोली लगने से वह गिर गया। घटनास्थल से टीम को 7 खोल, बाइक और पिस्टल बरामद हुए। तीन आरोपी पकड़े गए इस मामले में पुलिस पंजाब के मोहाली के विशाल और अरुणवीर को पहले पकड़ चुकी है। विशाल ने वारदात में इस्तेमाल बाइक अपने दोस्त अरुणवीर तक पहुंचाई थी। अरुणवीर ने असला और बाइक शूटर्स को मुहैया करवाया। नोनी राणा गैंग के शुभम पंडित ने पर्ची पर अपना नाम लिखवाकर घटना की जिम्मेदारी ली थी। शुभम की गिरफ्तार पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित है। पर्ची पर लिखा- फिर मिलते हैं घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। घटना की रात 2 बदमाश अग्रवाल कॉलोनी में पहुंचते हैं। एक बदमाश पैदल चल रहा था और दूसरा बाइक पर उसके पीछे आ रहा था। पैदल चल रहे बदमाश ने पहले घर के अंदर एक पर्ची फेंकी। पर्ची पर अंग्रेजी में Shubham Pandit, Kartik Sharma; Rudra Bansal Jaldi milte hai’ लिख था। जनवरी में रंगदारी मांगी बसंल के कर्मी ओम प्रकाश के मुताबिक, जनवरी 2025 में रजनीश बंसल को रंगदारी के लिए फोन पर धमकी मिली थी। रंगदारी नहीं मिलने से बदमाश उनसे रंजिश रखे हुए थे। उस रंजिश और पैसे की मांग के चलते ही बदमाशों ने डराने नीयत से उनके घर पर फायरिंग कर हमला किया है। रेकी करने वाला भी गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी जसविन्द्र सिंह निवासी तिलक नगर, जगाधरी (यमुनानगर) को गिरफ्तार किया। घटना से पहले आरोपी ने रेकी कर पूरी जानकारी शूटर्स तक पहुंचाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रेकी के लिए इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *