हरियाणा CM बोले- बंगाल के बाद पंजाब की बारी:मोदी की कईं योजनाएं, काम कर देंगे; मान को शाम को सारा पिंड मित्रां दा लगदा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के लोगों का शोषण किया। आज बंगाल आजाद हो गया है। प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण बंगाल बच गया है। बंगाल के बाद पंजाब की बारी है। मोदी जी ने कई योजनाएं लागू कर रखी हैं, कर देंगे काम। नायब सैनी सोमवार को निकाय चुनाव को लेकर सोनीपत में पहुंचे थे। यहां उन्होंने भाजपा के मेयर कैंडिडेट राजीव जैन और वार्ड उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया। नायब सैनी ने यह भी कहा- पंजाब में आम आदमी पार्टी ने घोषणा की थी कि महिलाओं को एक हजार रुपए हर महीने देंगे। वहां के मुख्यमंत्री को पता तो चलता नहीं। शाम को वो राजी (खुश) हो जाता है, उसे 5 बजे के बाद सारा पिंड मित्रां दा लगदा। वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पलटवार करते हुए इसे भाजपा का सपना बताया और कहा कि यह शेख चिल्ली के सपने जैसा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग इतने भोले नहीं हैं कि भाजपा के झांसे में आ जाएं, वे बहुत समझदार हैं। जानिए बंगाल चुनाव को लेकर नायब सैनी ने क्या कहा… मोदी जी ने दुनिया में देश को चमकाया नायब सैनी ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करता हूं। उन्होंने देश के गरीब व्यक्तियों के चेहरों पर मुस्कान लाने का काम किया। महिलाओं को सशक्त किया, युवाओं को रोजगार दिया और किसानों को मजबूत किया। कांग्रेस 55 साल तक देश पर शासन करती रही और देश को नीचे धकेलती रही, जबकि मोदी जी ने दुनिया में देश को चमकाया।” ममता बनर्जी ने बंगाल का शोषण किया उन्होंने कहा कि बंगाल का शोषण होता रहा, जिस बंगाल ने ‘वंदे मातरम्’ जैसा गीत देश को दिया, भारत के युवाओं में जोश भरने का काम किया और गुलामी की जंजीरों को काटने में भूमिका निभाई। स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर जैसे महान व्यक्तियों को उस बंगाल ने दिया। इसी बंगाल का सबसे बड़ा शोषण वहां के राजनीतिक दलों ने किया। कम्युनिस्टों के बाद ममता बनर्जी ने वहाँ शोषण किया। अब बंगाल उन लोगों से आजाद हो गया है। अब जानिए निकाय चुनाव की जनसभाओं में नायब सैनी ने क्या कहा… ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी सीएम नायब सैनी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत के बाद “ट्रिपल इंजन सरकार” बनेगी, जिससे विकास कार्यों की गति तीन गुना हो जाएगी। गंदे पानी को यमुना में जाने से रोकने के लिए WTP और STP परियोजनाएं लागू की जाएंगी। उनका उद्देश्य है कि यमुना में केवल स्वच्छ पानी पहुंचे और उस पानी का उपयोग कृषि कार्यों में भी किया जा सके। कांग्रेस की घोषणाएं डस्टबिन में जाती हैं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों तक महिलाओं के वोट लेने वाली पार्टी ने जब उन्हें अधिकार देने का मौका आया, तो महिला बिल का विरोध किया। उन्होंने जनता से अपील की कि 10 मई को मतदान के दिन ऐसे लोगों को जवाब दें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र सिर्फ कागजों तक सीमित रहता है। कांग्रेस की घोषणाएं अक्सर डस्टबिन में चली जाती हैं और जमीन पर उनका कोई असर नहीं दिखता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *