कोर्ट के आदेश के बावजूद कब्जा हटाने नहीं पहुंचे सीओ:मुशहरी में एक पक्ष के लोगों ने किया चक्का जाम, मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा

मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ राजाराम में गुरुवार को आयुक्त न्यायालय के आदेश पर भूमि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रस्तावित थी। इस दौरान सीओ की अनुपस्थिती के कारण कार्रवाई नहीं हो पाई। जिसके बाद जिन लोगों के पक्ष में कोर्ट ने आदेश दिया था। उस पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर प्रदर्शन कर चक्का जाम कर दिया।

जिसके बाद प्रभारी थानाध्यक्ष स्नेहा कुमारी, पुलिस इंस्पेक्टर कंचन कुमारी और बीपीआरओ कुमार एकलव्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी सीओ को घटनास्थल पर बुलाने और अतिक्रमण हटाने की मांग पर अड़े रहे। पूरा मामला रोहुआ निवासी बबन सिंह उर्फ शेरू और मतलुपुर निवासी प्रकाशरंजन त्रिवेदी और पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला से संबंधित है। जिसमें आयुक्त न्यायालय ने कब्जा हटाने का आदेश दिया था। जिसके बाद टीम गठित हुई थी। जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार ने पत्रांक संख्या 739 के तहत मुसहरी सीओ महेंद्र कुमार शुक्ला और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी कुमार एकलव्य को दंडाधिकारी नियुक्त किया था। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मिठनपुरा थाना सहित जिला पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था। हालांकि, मुसहरी सीओ महेंद्र कुमार शुक्ला के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। बताया गया कि सीओ को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। आक्रोशित लोगों ने दोपहर करीब डेढ़ बजे रोहुआ पेट्रोल पंप के पास मुजफ्फरपुर-पूसा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बबन सिंह उर्फ शेरू ने बताया कि वे सुबह से ही मजदूर, जेसीबी मशीन और निर्माण सामग्री के साथ मौके पर मौजूद थे, लेकिन सीओ ने न तो फोन उठाया और न ही घटनास्थल पर पहुंचे। इस बीच, मुसहरी के प्रवीण कुमार उर्फ बनवारी सिंह ने सड़क जाम करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने आश्वासन दिया कि सड़क जाम के मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। डीएसपी पूर्वी-2 थाना में बैठकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते रहे। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *