गाजियाबाद में ओले गिरे, नोएडा-प्रयागराज में बारिश:आज 45 जिलों में अलर्ट, आंधी चलेगी; 24 घंटे में बाराबंकी में सबसे ज्यादा बरसात

यूपी में पिछले 6 दिनों से आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। बुधवार सुबह से मौसम साफ है। धूप खिली है। हल्की हल्की ठंडी हवाएं गर्मी से राहत दिला रही हैं। इससे पहले देर रात गाजियाबाद में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। नोएडा और प्रयागराज में बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से यूपी में मौसम बदल गया है। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40°C से नीचे आ गया है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। आज 45 जिलों में बारिश का अलर्ट है। कहीं-कहीं 60 किमी. की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो लखनऊ-आगरा समेत 45 शहरों में जोरदार बारिश हुई। हमीरपुर- चित्रकूट में 70kmph से तूफान आया। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। हमीरपुर में खेत से लौट रही एक महिला पर टीन शेड गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। दीवार ढहने से कार-बाइक चकनाचूर हो गईं। बाराबंकी में सबसे अधिक 72 मिमी. बारिश दर्ज की गई। सिद्धार्थनगर में 66 मिमी, अंबेडकर नगर में 42 मिमी और गोरखपुर में 41.4 मिमी वर्षा हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की वजह से बादल बन रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी भरी हवाएं और पश्चिम से आने वाली सूखी हवाएं आपस में टकराकर वातावरण को अस्थिर बना रही हैं। मई महीने में यह स्थिति आम होती है। फिलहाल10 मई तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम ? आपके शहर में मौसम कैसा है, कब तक मौसम खराब रहेगा? जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *