जालंधर के बाद अमृतसर खासा इलाके में स्थित आर्मी कैंप के बाहर देर रात (5 मई) जोरदार धमाका हुआ। इस धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। यह घटना रात करीब 11 बजे के बाद हुई, जब अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस और आर्मी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड भी जांच के लिए पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस धमाके से आर्मी कैंप की बाहरी दीवार पर लगी टीन की चादरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारी बोले- हर एंगल से हो रही जांच मामले में अधिकारियों का कहना है कि इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। अमृतसर देहाती के एसपी आदित्य वारियर ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई थी और सबूत इकट्ठा कर लिए गए हैं। इलाके में भारी सुरक्षा और निगरानी वहीं, पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में ज्यादा जानकारी साझा करने से परहेज किया है। उनका कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।