जिला गुरदासपुर के थाना काहनूवान के अधीन पड़ते गांव नैनेकोट में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जहां बड़े भाई ने गोलीबारी कर अपने ही छोटे भाई और भाभी की हत्या कर दी।
फिल्हाल पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और लाशों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। थाना भैणी मियां खां की पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पूरा मामला जमीनी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। रिवॉल्वर से दिया वारदात को अंजाम
मृतक की पहचान नैनेकोट निवासी अजायब सिंह (52) और उसकी पत्नी कमल कौर (50) के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, अजायब सिंह के बड़े भाई अमरजीत सिंह उर्फ अंबा ने अपनी रिवॉल्वर से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
मृतकों के रिश्तेदार हरजीत सिंह ने बताया कि इन तीन भाइयों के बीच ज़मीन-जायदाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। ये परिवार टाटा नगर (झारखंड) से अपने पैतृक गांव नैनेकोट आकर अलग-अलग मोहल्लों में रह रहे थे।
पिछले एक साल से गांव की 9 किल्ले ज़मीन के बंटवारे को लेकर कई बार पंचायत बुलाई गई, लेकिन एक पक्ष के मुकर जाने के कारण समझौता सिरे नहीं चढ़ सका।
दो अलग-अलग जगहों पर मारी गोली
रंजिश के चलते अमरजीत सिंह ने मंगलवार देर शाम पीछा करते हुए दोनों की हत्या की। उसने पहले भाई अजायब सिंह का पीछा कर उसकी हत्या गांव के बाहर एक पोल्ट्री फार्म के रास्ते में गोली मारकर की गई।
अजायब सिंह उस समय सैर कर रहा था। जबकि, अपनी ही भाभी कमल कौर की हत्या आरोपी ने घर के अंदर घुसकर गोलियां मार कर की। घर पर नहीं थे दोनों बेटे
रिश्तेदारों ने बताया कि अजायब सिंह के 2 बेटे हैं। दोनों घर पर नहीं थे। दंपति का एक बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दूसरा बिहार में नौकरी करता है। उनको इस मामले की जानकारी दे दी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना भैणी मियां खां के मुख्य अधिकारी गुरनाम सिंह और डीएसपी कुलवंत सिंह मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने पुष्टि करते हुए कहा कि यह दोहरा हत्याकांड ज़मीन के विवाद के कारण हुआ है। आरोपी को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरजीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों के परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसके आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।