गुरुग्राम में कंटेनर से टकराया ट्रक, 3 की मौत:एक यूपी का रहने वाला, अचानक बिगड़ा संतुलन, पीछे-पीछे चल रहा था ड्राइवर का भाई

गुरुग्राम के मानेसर स्थित IMT चौक फ्लाईओवर पर बीती रात एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब सड़क पर लापरवाही से खड़े एक कंटेनर से एक ट्रक टकरा गया। कंटेनर पर कोई रिफ्लेक्टर या इंडिकेटर नहीं लगा था। इस संबंध में ट्रक ड्राइवर दुर्गा प्रसाद ने मानेसर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। दुर्गा प्रसाद ने बताया कि वह अपने भाई शंकर बिंद के साथ अलग-अलग ट्रकों में भिवाड़ी से दिल्ली की ओर जा रहे थे। शंकर बिंद का ट्रक आगे था और दुर्गा प्रसाद उनके पीछे आ रहा था। ट्रक के आगे चल रही गाड़ी ने बदली लाइन, बिगड़ा संतुलन रात करीब 2 बजे जब दोनों IMT चौक फ्लाईओवर पर पहुंचे, तो आगे चल रही एक गाड़ी ने अचानक लेन बदल ली। इससे शंकर बिंद के ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर खड़े कंटेनर से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकर बिंद, उसका हेल्पर सुनील कुमार निवासी बलिया, उत्तर प्रदेश और एक परिचित रामराज प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को रात करीब 2:10 बजे ERV के माध्यम से इस हादसे की सूचना मिली। क्रेन की मदद से बाहर निकाले गए शव सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। क्रेन और एम्बुलेंस की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और गुरुग्राम के सेक्टर-10 अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने कंटेनर ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ा करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *