गुरुग्राम में न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र से आस्था से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया है। यहां एक प्राचीन दुर्गा देवी मंदिर में देर रात हुई चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि चोर ने मंदिर में दाखिल होते ही सबसे पहले श्रद्धा के साथ देवी मां की प्रतिमा के सामने हाथ जोड़े और सिर झुकाकर आशीर्वाद लिया। कुछ पलों के लिए ऐसा लगा मानो कोई भक्त देर रात दर्शन के लिए आया हो। लेकिन अगले ही पल उसकी नीयत दिखाई दी। आशीर्वाद लेने के तुरंत बाद, चोर ने फुर्ती से माता के चांदी के छत्तर और सोने के गहने उतारने शुरू कर दिए। लाखों के गहनों पर किया हाथ साफ मंदिर प्रशासन के मुताबिक चोर ने माता के श्रृंगार में शामिल भारी चांदी के छत्तर और कीमती सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। चोरी की इस वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे और पट खोले, तब गहने गायब देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर से चोरी पर लोगों में रोष घटना की सूचना मिलते ही न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज में चोर का चेहरा साफ नजर आ रहा है, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी रोष है, क्योंकि यह मंदिर काफी प्राचीन है और लोगों की गहरी आस्था इससे जुड़ी है। पुलिस कर रही चोर की तलाश जांच अधिकारी का कहना है कि संदिग्ध की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, चोरी जैसे अपराध को अंजाम देने से ठीक पहले भगवान के सामने प्रार्थना करने की चर्चा बनी हुई है। यह चोर का पश्चाताप कर रहा था या पकड़े न जाने की मन्नत, यह तो उसकी गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो पाएगा।